Tuesday, June 28, 2011

'दिल का दर्द दिल में छुपाया, फिर भी आंख से ना आंसू आया, गम के सागर में डूबे रहे हम, फिर किसी कश्ती को पार लगाया'


अंबाला शहर, पवन अनेजा 
 देश के वर्तमान हालातों से चिंतित कवियों को मौका मिलने की देर थी कि उन्होंने जमकर व्यंग बाण छोड़े। उन्हें यह मौका मिला आवाज साहित्यिक मंच द्वारा शहर में आयोजित काव्य गोष्ठी में। इसकी अध्यक्षता संवेदनशील एवं भावुक कवि शीश पाल भोला ने की।
कवि ओम प्रकाश बनमाली ने देश के राजनेताओं और अफसरों की मानसिकता पर चोट करते हुए कहा कि 'यहां दूध के प्यालों पर बिल्लियों के पहरे हैं, शैतानों के यहां फरिश्तों जैसे चेहरे हैं'। इस अवसर पर देश में बढ़ रही महंगाई व आतंकवाद के साथ कई अन्य विषयों पर शायरों व कवियों ने विचार व्यक्त किए। राम सहाय जोशी ने देश में बढ़ रही महंगाई पर कविता पढ़ी। उन्होंने कहा 'लगता है देश में पूर्ण महंगाई का राज है, होता जाता है दाने-दाने को निर्धन मोहताज है' ।
चंडीगढ़ से आए देवी दयाल सैनी ने अपना दर्द कुछ यूं बयान किया 'दिल का दर्द दिल में छुपाया, फिर भी आंख से ना आंसू आया, गम के सागर में डूबे रहे हम, फिर किसी कश्ती को पार लगाया'। अश्क अंबालवी ने कहा 'लाख मजबूर हो इंसान कोई बात नहीं, सर पर लेकिन किसी कमजर्फ का अहसान ना हो'। गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे शीश पाल भोला ने आतंकवाद पर कविता पढ़ी जिसके बोल थे 'आतंकवाद का कोई पांव नहीं होता, जिस तरह खानाबदोशों को कोई गांव नहीं होता'। सतपाल सभ्रवाल की बानगी देखिए 'फानूस हो जब आप जैसे चिरागों के वो चिराग क्यों कर टिमटिमाएंगे, लाख चलें आंधियां व बिजलियां जेरेसाया आपके वो जगमगाते जाएंगे'। कृष्ण अवतार सूरी के इस ख्याल को भी सराहा गया 'मौसमे गुल की तरह हैं चंद रोज जिंगदी, बाहरों में भी फिजां का ख्याल लिए चलो'। काव्य गोष्ठी में लगभग दो दर्जन कवियों ने अपनी रचनाएं पढ़ीं। इस अवसर पर मंच के संस्थापक एवं चेयरमैन राजेश गुप्ता को मंच की ओर से दोशाला देकर सम्मानित किया गया।

ग्रीनमैन ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


यमुनानगर, कुलदीप सैनी 
मुकुंद लाल नेशनल महाविद्यालय के एनएसएस शिविर में मंगलवार को ग्रीनमैन एसएल सैनी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने स्वयं सेवकों को ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि पेड़ों का जीवन में विशेष महत्व है। पेड़ों में स्वच्छ वायु के साथ रोजमर्रा की जरूरत के लिए लकड़ी भी मिलती है। किसी भी समारोह के उपलक्ष्य में लगाया गया एक पौधा वर्षो तक याद रहता है।
इस मौके पर कार्यक्रम कोडिनेटर डॉ. सीडीएस कौशल, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र के एनएसएस अधिकारी ने स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण पर व्याख्यान किया। कौशल ने सेवकों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। शिविर में बेस्ट प्रबंधक कमल व प्रियंका, बेस्ट वक्ता चेतन व सिमरनजीत, बेस्ट फिल्ड वर्कर गगनदीप व ज्योति, बेस्ट अनुशासित गुरमीत, बेस्ट तकनीशियन सौरभ गौसाई, बेस्ट पोस्टर मेकर प्रियंका, पूजा व आनंद चुने गए। प्राचार्य डॉ. एसके गर्ग ने स्वयंसेवकों को समाज में जाकर सेवाएं देने के बारे में प्रोत्साहित किया। इस मौके पर डॉ. निर्मल सिंह कोमल, डा. एसके शर्मा, डॉ. मनोहर गोयल, प्रोफेसर प्रवीन खुराना, शिवानी, डॉ. पवन प्रकाश आदि उपस्थित थे। 

विद्युत निगम कार्यालय से कर्मचारियों को बाहर निकालकर ताला जड़ा


लाडवा ब्यूरो 
 भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को लाडवा विद्युत निगम कार्यालय से कर्मचारियों को बाहर निकालकर ताला जड़ दिया। यूनियन के कार्यकर्ताओं का कहना था किविद्युत निगम के अधिकारी अपनी मन मर्जी से किसानों की घरेलू बिजली के कनेक्शन काट रहे है और किसानों के ही खिलाफ मामले दर्ज करवा रहे हैं। भाकियू नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक किसानों के बिजली कनेक्शन नहीं जोड़े जाएंगे और दर्ज कराए मामले वापस नहीं लिए जाएंगे, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
भाकियू कार्यकर्ताओं की अगुवाई प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी कर रहे थे। किसानों ने ताला जड़ने के बाद जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी की। घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार राजेंद्र गुप्ता, लाडवा थाना प्रभारी मलकीत सिंह पुलिस बल के साथ निगम कार्यालय में पहुंचे और किसानों व भाकियू नेताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। भाकियू नेताओं व किसानों ने 11 बजे ताला जड़ा और कई घंटे के बाद नायब तहसीलदार के आश्वासन के बाद ताला खोला, लेकिन किसान अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए थे। अधिकारियों व किसानों के बीच कई घटे वार्ता चली लेकिन सफल नहीं हो पाई थी। किसानों का कहना था कि निगम का एसडीओ होशियार सिंह किसानों के साथ नाइंसाफी कर रहा है और किसानों को जबरन बिजली कनेक्शन काट उन्हीं पर अफसरशाही दिखाते हुए मामले दर्ज करवा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले बपदा रोड पर रहे किसान सुच्चा सिंह, हुकम चंद, रामकिशन, बबली, नरेश कुमार व रामकिशन के घरेलू कनेक्शन शहरी बिजली से काटकर ग्रामीण क्षेत्र से जोड़ दिए, जबकि उनके निवास शहर में है और वह नगरपालिका के अंतर्गत आते हैं। यह किसान नगरपालिका के सभी गृह कर आदि भी अदा करते है। इसके बावजूद भी बिना किसी सुचना व नोटिस के निगम के अधिकारियों ने उनकी बिजली काट दी और उन्हीं पर मामला दर्ज करवा दिया है। जिसकी लेकर किसान जिला उपायुक्त तक गुहार लगा चुके है, लेकिन कोई भी उनकी सुनने वाला नहीं है। भाकियू नेताओं ने कहा कि सरकार जानबूझकर उनको तंग कर रही है और निगम के माध्यम से उन पर झूठे मामले दर्ज करवा रही हैं। कार्यालय समय के दौरान कोई भी समाधान न निकलने पर किसानों ने शहर के मुख्य बाजारों व सड़कों पर सरकार व निगम के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन भी किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में भाकियू प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी, जिला अध्यक्ष मेहर सिंह, मंडल प्रधान बाबू राम, हेम राज, विजय मेहता, संजीव, मेहर सिंह, धर्मबीर, बलदेव, सुरता राम, जोगिंद्र सिंह, माम चंद, लाल राम, मदन लाल, माम चंद बपदी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित शामिल रहे। 

हजकां ने महंगाई के विरुद्ध बोला हल्ला

शाहाबाद, 
केंद्र सरकार द्वारा डीजल, कैरोसिन व रसोई गैस की कीमतों में की गई बढ़ोतरी से हरियाणा जनहित काग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता भड़क उठे। उन्होने सरकार से बढ़ाई गई कीमतो को वापस लेने की माग की है। हजका नेता सूरजभान कटारिया ने कहा कि हजका लोगो को मंहगाई की चक्की में पिसने नहीं देगी और जनता के हको के लिए जन आदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता आसमान को छू रही मंहगाई से पहले ही बुरी तरह से त्रस्त है और केंद्र सरकार ने इन पदार्थो की कीमतें बढ़ाकर मंहगाई को और अधिक बढ़ाने का कार्य कर देश की जनता के साथ भद्दा मजाक किया है। कटारिया ने कहा कि हजका द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें विशेषकर युवा शक्ति एवं छात्र शक्ति को शामिल करके सरकार की असलियत बताई जाएगी। इस अवसर पर शाहाबाद हलका अध्यक्ष मान¨सह कुरड़ी, गोविंद शर्मा, राजगुरु, सीताराम, शक्ति शर्मा, हरदेव ¨सह, बंसीलाल सहित बड़ी संख्या में हजका कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जोहड़ का पानी ऑवर फ्लो होने से परेशान है कैमला के ग्रामीण।


 
जोहड़ के पानी से सडक़ बनी छोटी नहर। 
घरौंडा:-28 जून(प्रवीन सोनी)
गांव कैमला के जोहड़ से पानी की निकासी न होने कारण जोहड़ का पानी ऑवर फ्लो होकर सडक़ पर आ गया है। सडक़ पर पानी आने से हालात ये हो गए है कि इस सडक़ से गुजरने वाले ग्रामीणों का आवागमन बिल्कुल बंद हो गया है। चौबीस घंटे पानी खड़ा होने के कारण सडक़ व जोहड़ का लेवल एक समान हो गया है। ग्रामीणों ने जोहड़ से पानी निकालने के लिए पंचायत को अनेक बार सूचित किया है। लेकिन समस्या घटने की बजाए बढ़ती ही जा रही है। 
         गांव कैमला में पानी के ओवर फ्लो की समस्या बताते ग्रामीण।छाया-तेजबीर 
ग्रामीण सतबीर सिंह, पाले राम, कमल सिंह, रामसिंह, दीनानाथ, प्रदीप कुमार, रोशनी देवी, सूरजभान, ईशरो देवी आदि ने बताया कि पूरे गांव में तीन बड़े जोहड़ है। एक जोहड़ में गंदा पानी जाने का सुचारू रूप से प्रबंध है। दूसरे जोहड़ में घास फुंस खड़ा हो जाने के कारण वह पूरी तरह से बंद हो गया है। जिसमें पानी भी सही ढंग से नही जाता। तीसरा जोहड़ गुल्ली जोहड़ी के नाम से प्रसिद्ध है जिसका पानी ऑवर फ्लो होकर सडक़ पर उतर आया है। 
जोहड़ के ऑवर फ्लो होने से सडक़ पर भरा खड़ा गंदा पानी।छाया-तेजबीर 
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जगह जगह पर टुंटियां लगाई गई है। जो दिन भर अवैध रूप से  चलती रहती है। पानी की रोकथाम न होने के कारण पानी व्यर्थ में बहता रहता है और निकासी न होने के कारण गलियों व सडक़ों पर जमा हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सडक़ बरसत व डिंगर माजरा रोड़ को आपस में जोड़ती है। यदि किसी वाहन को बरसत से डिंगर माजरा जाना हो तो उसे गांव के दूसरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। जो करीब डेढ किलोमीटर दूर पड़ता है। 
ग्रामीणों का कहना है कि यह सडक़ शमशान घाट की ओर जाने वाली एक मात्र सडक़ है। अगर शव यात्रा को ले जाना हो तो गांव के दूसरे लंबे रास्ते या गांव के बीचों बीच ले जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस सडक़ पर इतना ज्यादा पानी जमा हो गया है कि सडक़ ने एक छोटी नहर का रूप धारण कर लिया है। कई बार तो पालतु पशु इस रास्ते पर चले जाते है और सडक़ व जोहड़ का ठीक ढंग से पता न चल पाने के कारण जोहड़ के अंदर घुस जाते है और जिनकों निकालना भी मुश्किल हो जाता है। जिन ग्रामीणों के घर इस जोहड़ के नजदीक है उनके घरों की नीवों में पानी जाने के कारण दीवारों में दरारें पड़ गई है और उनके मकान कभी भी ढह सकते है। 
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या के बारे में ग्राम पंचायत को भी अवगत करवाया है लेकिन पंचायत हर बार यही कहती है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा।

युवाओं को वोट बनवाने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के चक्कर नही काटने पडेगे |


महाविद्यालय व विद्यालयों में दाखिला  के समय ही वोट बनवाने का फार्म मिलेगा |
करनाल 28 जून,सुरेश अनेजा 
युवाओं को अब अपना नया वोट बनवाने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के चक्कर नही काटने पडेगे बल्कि उन्हें महाविद्यालय व विद्यालयों में दाखिला  के समय ही वोट बनवाने का फार्म प्राप्त हो जायेगा। विद्यार्थी अपना वोट का फार्म  भर कर सम्बन्धित महाविद्यालय व विद्यालय में  जमा करवा सकते है। इसके अलावा जिले का योग्य व्यक्ति भी किसी भी समय जिला निर्वाचन कार्यालय में पहुच कर नई वोट बनवाने व मतदाता सूची में दर्ज नाम व अन्य त्रुटियों को ठीक करवाने के लिए आवेदन कर सकते है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नीलम प्रदीप कासनी ने बताया कि  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके व्यक्ति किसी भी समय अपनी वोट बनवाने का हकदार है। अब कोई भी योग्य व्यक्ति जिला निर्वाचन कार्यालय व संबंधित बूथ लेवल आफिसर के पास अपना वोट बनवाने के लिये आवेदन कर सकता है। नये वोट बनाने की प्रक्रिया जनवरी 2011 को आधार तिथि मानकर नियमित रूप से जारी रहेगी।  
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र प्रणाली में वोट का बहुत ही महत्व है। कोई भी व्यक्ति वोट बनवाने से वंचित न रहे। नाजायज तौर पर किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में न तो दर्ज करे और न ही हटायें। उन्होंने कहा कि मतदाता पहचान पत्र केवल चुनाव के  दिनों में मतदान के लिये ही प्रयोग नहीं किया जाता बल्कि आज कल तो इसे एक सरकारी दस्तावेज के रूप में प्रयोग करके सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। श्रीमती कासनी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े जन प्रतिनिधि अधिक से अधिक लोगों की वोट बनवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने अनुरोध किया कि सभी राजनैतिक पार्टियों के जन प्रतिनिधि व पंचायती राज संस्थाओं के जन प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा लोगों को वोट बनवाने के लिये प्रेरित करें।
****************************************************** ------
स्मार्ट कार्डो के नवीनीकरण का कार्य 30 जून 2011 तक किया जाएगा।
करनाल 28 जून, सुरेश अनेजा 
जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिये स्वास्थ्य स्मार्ट कार्डो के नवीनीकरण का कार्य 30 जून 2011 तक किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त श्रीमती नीलम प्रदीप कासनी ने बताया कि उपरोक्त योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों का 30 रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तक का बीमा किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत एक परिवार के 5 सदस्यों का संयुक्त रूप से 30 हजार रुपये तक का नि:शुल्क ईलाज किया जायेगा। इसके लिये मरीज को कोई नकद भुगतान नहीं करना होगा तथा अस्पताल से छुटटी होने के बाद 100 रुपये परिवहन खर्चा भी दिया जायेगा। इस योजना का लाभ बीमा कम्पनी द्वारा मान्यता प्राप्त अस्पतालों में दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षित प्रसव को प्रोत्साहन देने के लिये मातृत्व लाभ को भी इस योजना में शामिल किया गया है। बीमित माता से जन्में नवजात शिशु को जन्म से लेकर बीमा पालिसी की अवधि तक बीमा सुरक्षा उपलब्ध रहेगी चाहे कुल सदस्यों की संख्या 5 से अधिक हो जाये। 
उपायुक्त ने बताया कि यदि कार्ड में किसी सदस्य का नाम जोडना या हटाना हो या दो स्थानों पर इस योजना का लाभ लेना है तो ई.एस.आई. जिला केन्द्र में जाकर कार्ड में परिवर्तन करवाया जा सकता है।  उन्होंने जरूरतमंद लोगों का आहवान किया कि वे सरकार की इस योजना का लाभ उठाने के लिये अपना स्मार्ट कार्ड जरूर बनवायें।

सरकारी योजनाओं एवं बैंकिंग सेवाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाये : कासनी :


करनाल 28 जून,सुरेश अनेजा 
उपायुक्त श्रीमती नीलम पी. कासनी ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे सरकारी योजनाओं एवं बैंकिंग सेवाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाये, ताकि वे इनका लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सके। बैंक अधिकारी ग्राहकों के साथ नम्रतापूर्वक वयवहार लाने के लिये अपने दृष्टिकोण में परिवर्तन लाये और उनका सही मार्गदर्शन करें। इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एम.के.पांडुरंग तथा पी.एन.बी. के वित्तीय साक्षरता एवं ऋण परामर्श केन्द्र के प्रभारी एम.डी. पूनिया भी उपस्थित थे।
श्रीमती कासनी आज लघु सचिवालय के सभागार में जिला अग्रणी बैंक द्वारा आयोजित गत वित्तीय वर्ष की अंतिम त्रैमासिक बैठक में बैंक अधिकारियों के साथ लक्ष्यों की समीक्षा कर रही थी।  उन्होंने बैंक अधिकारियों को आगाह किया कि अब लोग शिक्षित व जागरूक हो चुके हैं इसलिए सभी बैंक  अधिकारी अपनी कार्यशैली में बदलाव लाएं अन्यथा उन्हें इसके भयंकर परिणामों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक अपने-अपने एरिया के जरूरतमंद लोगों से सीधे तौर पर मिले और उनकी बैकग्राऊंड के बारे में जाने, कि उन्हें किस क्षेत्र में स्वरोजगार स्थापित करना है, यह सब जानकारी हासिल करने के उपरांत ही आर्थिक सहायता प्रदान करें। ऐसा करने से बैंक की रिकवरी में भी बढ़ोतरी होगी। बैंक अधिकारी समाज सेवा क्षेत्र में अपना दायरा बढ़ाये और दूसरों के उत्थान के लिए कुछ सोचे। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार ने गरीब लोगों के स्वरोजगार की जो योजनाएं लागू की है उन योजनाओं के तहत उपलब्ध करवाई जाने वाली वित्तीय सहायता की निर्धारित समयावधि में अदायगी करें। बैंक सेवाओं का लाभ बड़े उद्योगपतियों, व्यापारियों के साथ-साथ छोटे से छोटे मजदूर तक भी पहुंचाये तभी देश का समग्र विकास होगा। बैंक अधिकारियों को चाहिए कि वे लोगों विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाली जनता को बैंकिंग सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक करें। 


बैठक में पंजाब नेशनल बैंक के डी.जी.एम. ए.के.चढढा ने कहा कि बैंक अधिकारियों को अपनी शक्ति का सही तरीके से प्रयोग करते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक बैंकिग सेवाएं पहुंचानी चाहिए और छोटे से छोटे कामगार मजदूर को प्राथमिकता के आधार पर ऋण मुहैया करवाएं। उन्होंने बताया कि बैंक सेवाओं के ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार के लिए जिले में 2 वित्तीय साक्षरता एवं ऋण परामर्श केन्द्र स्थापित किये गये हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने बताया कि निर्धारित राष्ट्रीय लक्ष्य के अन्तर्गत वर्ष 2010-11 के दौरान करनाल जिला के बैंकों में जमा राशि 4 हजार 205 करोड़ रुपये से बढक़र 5 हजार 158 करोड़ रुपये हो गई है। इसी प्रकार टोटल एडवांस में भी गत वर्ष की तुलना में 2 हजार 30 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसी प्रकार के्रडिट डिपोजिट रेशो में निर्धारित राष्ट्रीय लक्ष्य 60 प्रतिशत के विरूद्ध 143 प्रतिशत हासिल किया है। प्राथमिक क्षेत्र एडवासं में 40 प्रतिशत लक्ष्य के विरूद्ध 78 प्रतिशत हासिल किया तथा डी.सी.पी. योजना के अन्तर्गत कुल 149 प्रतिशत का लक्ष्य प्राप्त किया है। इसमें 116 प्रतिशत कृषि लोन,  276 प्रतिशत एसएमई तथा 92 प्रतिशत ओपीएस में प्राप्त किया है। डिफ्रेंशियल रेट आफ इंटरेस्ट यानि कम ब्याज दर पालिसी के तहत करनाल जिला में 150 महिलाओं को बायोडिग्रेडेबल मेटीरियल या बूगन क्लाथ के थेले बनाने के लिए ऋण उपलब्ध कराएं हैं। 
समीक्षा बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक  के प्रतिनिधि अविनाश कपूर ने बताया कि पालिसी के तहत 2 हजार तक की आबादी के गांवों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बैंकों का कार्य केवल खाते खोलना ही नहीं है बल्कि उन्हें बैंकिंग की सभी वित्तीय सेवाएं लोगों तक पहुंचानी चाहिए इनमें मुख्यत: सेविंग, लघु जीवन बीमा तथा के्रडिट सेवाएं शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब गृह ऋण की सीमा बढ़ाकर 25 लाख रुपये तक कर दी है। 
नाबार्ड के सहायक महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने जानकारी दी कि हरियाणा में संयुक्त देयता समूह योजना केवल करनाल जिला में सहकारी बैंकों के माध्यम से लागू की है जिसके अन्तर्गत हरियाणा के सभी जिला सहकारी बैंको द्वारा संयुक्त देयता समूह का गठन करके ऋण देने के लिए प्रति सहकारिता बैंक को 50 समूहों का लक्ष्य दिया गया है। इस योजना के तहत सहकारी बैंकों के महाप्रबंधकों को नाबार्ड की ओर से पांडिचेरी में प्रशिक्षण भ्रमण भी करवाया गया है। उन्होंने बताया कि नाबार्ड द्वारा करनाल की एन.डी.आर.आई. को डेयरी रिसर्च कार्यो के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए करीब 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है जिसमें से 5 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। इसके तहत एन.डी.आर.आई. की मोबाईल वैन गांव-गांव जाकर पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं के स्वास्थ्य की जांच, दूध व चारे की जांच करने के तरीको के साथ-साथ एक डाक्यूमेंट्री भी दिखायेगी। उन्होंने बैठक में बैंकर्स से कहा कि वे स्वयं सहायता समूहों का ज्यादा से ज्यादा गठन करे।
अग्रणी बैंक प्रबंधक सुनील खोसा ने बैठक में उपस्थित करनाल जिला के सभी बैंकों से आए सभी प्रतिनिधियों से बीती तिमाही की रिपोर्ट ली और उन्हें निर्देश दिये कि वे कम ब्याज ऋण स्कीम के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को फायदा पहुंचाये। उन्होंने कहा कि जिन बैंकों ने अपने लक्ष्य पूरे नहीं किये हैं वे अगली बैठक में लक्ष्य पूरे करके आए। उन्होंने बताया कि कम ब्याज ऋण स्कीम के तहत अकेले पंजाब नेशनल बैंक ने टोटल लक्ष्यों के तहत 80 प्रतिशत से अधिक की उपलब्धि हासिल की है। 

Monday, June 27, 2011

विकलांग व्यक्ति भी हमारे समाज का अभिन्न अंग है: सुमिता सिंह



करनाल विजय काम्बोज 
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष व करनाल की विधायक श्रीमती सुमिता सिंह  ने प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही में दृष्टिहीन व आर्थोपेडिक विकलांग कर्मचारियों के लिए आने-जाने  वाले  साधन भत्ता में की गई बढ़ोतरी का प्रपत्र आज यहां के पंचायत भवन में आयोजित एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दृष्टिहीनों को सौंपा और कहा कि सरकार ने उन्हें यह एक उपहार दिया है।  इस योजना के तहत दृष्टिहीन व विकलांग को कम से कम एक हजार रुपये की राशि और उस पर लागू मंहगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। ये कार्यक्रम राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ हरियाणा शाखा द्वारा दृष्टिहीनों की मसीहा हेलन केलर की 131वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था । इसमें प्रदेश प्रदेश भर के सैकड़ों दृष्टिहीन व आर्थोपेडिक विकलांग कर्मचारियों ने भाग लिया।
इस मौके पर बोलते हुए विधायक ने कहा कि विकलांग व्यक्ति भी हमारे समाज का अभिन्न अंग है, इन्हें किसी दया की नहीं बल्कि सहयोग की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि जो व्यक्ति दृष्टिहीन लोगों को विकलांग कहते हैं वे खुद दृष्टिहीन हैं क्योंकि उनकी नजर यह नहीं पहचान सकती कि इन लोगों ने शरीर में कमी होने के बावजूद उन बुलंदियों को प्राप्त किया है जिन्हें सामान्य नागरिक भी हासिल करने में असमर्थ रहते हैं।इस मौके पर विधायक ने दृष्टिहीनों की मसीहा हेलन केलर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमें उनके पदचिन्हों पर चलकर समाज की भलाई के लिए कार्य करना चाहिए, यही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ हरियाणा शाखा की ओर से रखी गई मांगों पर भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे अपनी सिफारिश सहित उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचायेगी और आगामी विधानसभा सत्र में आप लोगों की दुख तकलीफ को जरूर उठाया जायेगा और भगवान से प्रार्थना है कि आपको और शक्ति प्रदान करे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त श्रीमती नीलम पी.कासनी ने कहा कि दृष्टिहीन व विकलांग होना कोई बड़ी बात नहीं है, ये लोग भी इंसान है और इनके साथ हमें सामान्य लोगों की तरह व्यवहार करना चाहिए तथा इनके प्रति समाज के लोगों को अपना दृष्टिकोण बदलना चाहिए।  उन्होंने कहा कि यदि इंसान में दृढ इच्छा शक्ति हो तो वह किसी प्रकार की शारीरिक कमी होने के बावजूद भी अपनी मंजिल को प्राप्त कर सकता है। हेलन केलर इसका एक उदाहरण है और वह सदैव ऐसे व्यक्तियों की प्रेरणा स्त्रोत बनी रहेगी। उन्होंने दृष्टिहीन व आर्थोपेडिक विकलांगों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्हें आज के समय यह मांग करनी चाहिए कि वे हर क्षेत्र में अपनी क्षमता दिखाने की योग्यता रखते हैं,  उन्हें अवसर प्रदान किये जाने चाहिए। उपायुक्त ने इस बात पर जोर दिया कि दृष्टिहीनों के लिए अधिक से अधिक शिक्षा केन्द्र, छात्रावास तथा अन्य सुविधाएं जुटाई जानी चाहिए ताकि वे भी सामान्य नागरिकों की तरह अवसरों का लाभ उठाकर एक सुविधाजनक जीवन जी सके।
राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ शाखा हरियाणा के महासचिव जागेराम ने मुख्यातिथि व अध्यक्ष का स्वागत किया तथा संघ की ओर से मांग पत्र सौंपा। इनमें प्रमुख रूप से सरकारी नौकरियों में बैकलाग पूरा करना, रेडक्रास में नियुक्त दृष्टिहीन कुर्सी बुनकरो को सरकारी दृष्टिहीन कर्मचारियों की भांति रिक्शा भत्ते व सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष करने तथा संघ को आर्थिक सहयोग दिलवाने बारे मांग थी।  पानीपत राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य रामपाल ने मंच का संचालन किया और हेलन केलर की जीवनी व उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। दृष्टिहीनों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

पानी की समस्या को लेकर गुस्साए लोगों ने किया जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन।


घरौंडा  प्रवीन सोनी 
वार्ड न. 14 में पानी के संकट से जुझ रहे गुस्साए लोगों ने सोमवार को जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान शहर के लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को चेताते हुए कहा कि यदि वह उनके वार्ड में पानी की सप्लाई सही नहीं दे सकते तो उनके पानी कनैक् शन काट दें ताकि बिल तो न आए। इस दौरान गुस्साए शहर के लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय पर जमकर नारेबाजी करते हुए अपने गुस्से की भड़ास निकाली व कहा कि पिछले तीन-चार महीने से उनके वार्ड में पानी की सप्लाई ठीक न हो रही है। विभाग के कर्मचारी उनके वार्ड की बजाए पीने का पानी दूसरे वार्ड में दे देते हैं। इस दौरान रोष प्रदर्शन कर रहे वार्ड 14 की महिला पार्षद बिमला सेठी के पति पुरूषोतम सेठी, वार्ड वासी संजय कुमार, जितेन्द्र, हेमा वधवा, ममता, शशि बाला ने बताया कि उनके वार्ड में पीने के पानी की समस्या पिछले तीन-चार महीने से है। जिसकी शिकायत वे पहले विभाग को कर चुके है। अब तो हालत यह हो चुकी हैं कि पानी उनके वार्ड में आता ही नहीं। जिसके चलते लोग कराह रहे हैं। वार्ड में नहाने को तो दूर पीने के पानी के लाले पड़ चुके हैं। यह सब जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते हुआ है। 
यदि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शिकायत पर कार्यवाही करते तो ऐसा न होता व मजबूरन उन्हें रोष प्रदर्शन न करना पड़ता। इस दौरान शहर के लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को चेताते हुए कहा कि यदि आज ही उनके वार्ड में पीने के पानी की सप्लाई दुरूस्त न हुई तो वे संघर्ष पर चलने को मजबूर होंगे। जिसका जिम्मेवार विभाग होगा। वार्ड 14 के लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके वार्ड के हिस्से का पानी जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मिलीभगत से दूसरे वार्ड को दे रहे हैं। उनके वार्ड में सुबह शाम पानी की सप्लाई का समय विभाग निश्चित करे। वार्ड वसियों ने बताया कि वार्ड में अनेक गरीब परिवार ऐसे भी हैं, जिनके यहां पानी की टंकियां नहीं है। ऐसे में वे पानी को घर कैसे स्टोर करें। लेकिन विभाग अपनी मनमानी करता है। 

                              घरौंडा में जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते वार्डवासी।
                                                                                        छाया-तेजबीर
मौके पर मौजूद जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी राजेन्द्र सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि  वार्ड 14 के लोगों की इस मांग को अपने विभाग के उच्च अधिकारी जे.ई.व एस.डी.ओ.के नोटिस में ला दिया है। आज ही इस पर कार्यवाही होगी। उन्होंने बताया कि इस वार्ड में पीने के पानी की सप्लाई देने वाले टयूबवैल का बिजली ट्रांसफार्मर कल से जला हुआ है। आज वह नया रखा जाएगा। इसके बाद वार्ड की पानी सप्लाई चैक की जाएगी व जो खामी है उसे दूर किया जाएगा व लोगों को पानी हर हाल में मुहैया कराया जाएगा। गौरतलब है कि जब से घरौंडा की जन स्वास्थ्य विभाग की सब डिविजन घरौंडा से करनाल शिफ्ट की गई है व विभाग के एस.डी.ओ.करनाल बैठने लगे हैं, शहर व आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र में पीने के पानी से संबंधित समस्याएं ज्यादा ही देखने को मिली हैं। 

इस अवसर पर मंगत राम शर्मा, काला राम पंडित, जयपाल, जित सिंह, जीतपाल, सुरेश सैनी, वन्दना चांदना, देव पाल, रमेश पाल सहित भारी संख्या में वार्ड 14 के लोग मौजूद थे|

कांग्रेस कार्यकर्ता रणबीर भुंबक ने इनेलो का दामन थामा


करनाल, सुरेश अनेजा 
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा के अभिनंदन समारोह में खफा हुए कांग्रेस कार्यकर्ता रणबीर भुंबक ने इनेलो का दामन थाम लिया। इनेलो नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला और पार्टी की नीतियों में आस्था जाहिर की।
हांसी रोड स्थित शालीमार कालोनी में बेहद ही नाटकीय ढंग से रणबीर भुंबक और उनकी पत्नी गीता भुंबक ने अपने समर्थकों के साथ इनेलो का दामन का थाम लिया। रणबीर भुंबक ने कुलदीप शर्मा के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया था। उसके अनुसार वह कुलदीप शर्मा से सभा में पहुंचने का समय भी ले चुके थे, लेकिन उन्होंने सभा में पहुंचने से इनकार कर दिया। इससे खफा होकर उन्होंने इनेलो नेताओं से संपर्क बनाया और इंद्री के पूर्व विधायक राकेश कांबोज सहित पार्टी के कई कार्यकर्ताओं इनेलो में शामिल होने की घोषणा कर दी।
रणबीर भुंबक ने कहा कि सभा में मौजूद उनके समर्थकों की सहमति से यह कदम उठाया गया। इनेलो में कार्यकर्ता को पूरा मान सम्मान दिया जाता है।
पूर्व विधायक राकेश कांबोज ने आश्वासन दिया कि उनका पूरा सम्मान किया जाएगा। प्रवक्ता हरपाल रोड़ और हलका प्रधान ओमप्रकाश सलूजा ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से जनता उकता चुकी है। इस वजह से इनेलो के बैनर तले लोग लगातार लामबंद हो रहे हैं। इन साथियों को पार्टी में पूरा सम्मान दिया जाएगा। 

जिलाधिकारी जनसमस्याओं को दे प्राथमिकता:हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा
करनाल विजय काम्बोज
हरियाणा के वित्त मंत्री श्री हरमोन्द्रि सिंह चट्ठा ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने कार्यालयों में जनता की कठिनाई को प्राथमिकता से सुने और उनके साथ आत्मीयता से पेश आएं ताकि वे महसूस करें कि सरकार द्वारा उनकी समस्याओं की सुनवाई की जा रही है। अधिकारी अपने-अपने मोबाईल फोन पर भी जन-प्रतिनिधियों की बात सुनकर उनकी समस्याओं का निपटारा कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने जन-प्रतिनिधियों को भी विकास कार्यो के संदर्भ में प्रशासन को अपना पूर्ण सहयोग देने की बात कही। 
श्री चट्ठा आज स्थानीय पंचायत भवन में जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में लोगों की समस्याएं सुनने से पूर्व जिलाधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे अपने 35 वर्षो के राजनैतिक कार्यकाल के दौरान तीसरी बार करनाल जिला की कष्ट निवारण समिति के अध्यक्ष बने हैं और यह जिला उनका अपना गृह जिला है। बैठक में उपस्थित कष्ट निवारण समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों को देखकर उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को कष्ट निवारण समिति के एजेंड़ा में रखी गई शिकायतों को पढक़र आना चाहिए, विशेषकर उन शिकायतों पर विशेष ध्यान देना चाहिए जो उनके क्षेत्र से संबंधित है। इससे समस्या को निराकरण करने में आसानी रहेगी और दोनों पक्षों को न्याय मिलेगा। 
वित्त मंत्री ने कष्ट निवारण समिति के एजेंड़ा में कुल 9 शिकायतों में से 6 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष 3 समस्याओं से संबंधी कार्यवाही रिपोर्ट अगली बैठक में  संंबंधित अधिकारियों को प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। एजेंडे में रखी गई शिकायतों के अलावा  जिले के लगभग 200 अन्य लोगों की शिकायतें भी सुनी गई। उप-आबकारी एवं कराधान आयुक्त से संबंधित शिकायत पर वित्त मंत्री श्री चट्ठा ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये कि जिला के किसी भी गांव में खुर्दो के माध्यम से शराब की बिक्री न होने दें और इस पर गंभीरता से कार्यवाही करें, केवल अधिकृत ठेकों के माध्यम से शराब की बिक्री होनी चाहिए। ज्ञात रहे कि अध्यक्ष ने यह निर्देश गांव साम्बली निवासी रीना, दिशा, अंगूरी, रामकली व कष्ट निवारण समिति के सदस्य करतार सिंह की शिकायत को सुनते हुए दिये। इसी प्रकार गांव पनौड़ी निवासी रामनिवास की शिकायत पर अध्यक्ष ने इस गांव के डिपो होल्डर का लाईसेंस संदेह के आधार पर रदद करने के लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए। वास्तव में इस डिपो धारक से गांव के ही एक व्यक्ति रामनिवास ने सूचना के अधिकार के तहत डिपो के रिकार्ड की मांग की थी, और रिकार्ड उपलब्ध नहीं करवाये जाने पर डिपो होल्डर ने शिकायतकत्र्ता को यह कहा था कि उसका रिकार्ड कहीं गुम हो गया है इस पर अध्यक्ष ने पुलिस विभाग को जांच करने के निर्देश दिये कि वे यह सुनिश्चित करें कि डिपोधारक का रिकार्ड वास्तव में ही गुम हुआ है या नहीं। 
वित्त मंत्री ने गांव महमल थरोटा निवासी श्रीमती तेज कौर पत्नि देसा सिंह की शिकायत का निवारण करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त व जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिये कि उक्त प्रार्थी वास्तव में ही बी.पी.एल. परिवार की सूची में शामिल होने की सभी योग्यताएं रखती हैं इसलिए इसका नाम शीघ्रातिशीघ्र बी.पी.एल. सूची में दर्ज करवायें जबकि प्रार्थी का नाम पहले भी बी.पी.एल. सूची में शामिल था जो किसी कारणवश कट गया था । इसी प्रकार गांव उपलाना निवासी ज्ञान सिंह व धन सिंह द्वारा की गई शिकायत पर वित्त मंत्री ने शिकायतकत्ताओं के बैठक में उपस्थित न होने के कारण उनकी शिकायत पर कोई चर्चा नहीें की और इस केस को फाईल करने के निर्देश दिये। 
एक अन्य शिकायत गांव फफड़ाना निवासी दिनेश कुमार पुत्र सत्यवान शर्मा द्वारा की गई थी इस पर अध्यक्ष श्री चट्ठा ने कड़ा रूख अपनाते हुए उपायुक्त को निर्देश दिये कि झूठी शिकायत करने वाले प्रार्थियों के खिलाफ भी कार्यवाही करे क्योंकि  प्रार्थी द्वारा झूठी शिकायत करने से कष्ट निवारण समिति के सदस्यों व जिला प्रशासन का बहुमूल्य समय नष्ट होता है। इस संबंध में बैठक में उपस्थित श्रीमती सुमिता सिंह ने भी इस बात का समर्थन किया कि जो शिकायतकत्र्ता शिकायत करने के बाद बैठक में नहीं आता उसकी शिकायत झूठी मान ली जाए और उसे फाईल कर दिया जाए। इसी प्रकार सिंचाई विभाग से संबंधी रामसिंह द्वारा रखी गई शिकायत पर श्री चटठा ने कष्ट निवारण समिति के सदस्यों श्री बलकार सिंह व सुदेश गुलाटी को जिम्मेदारी सौंपी और कहा कि वे स्वयं मौके पर जाकर उसका मुआयना करें और मामले का दोनों पक्षो के आपसी सहमति से समझौता करवाएं। जिला शिक्षा अधिकारी से संबंधी रामनगर के लोगों द्वारा रखी गई शिकायत पर वित्त मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि द्वारा सदन में प्रस्तुत की गई रिपोर्ट से असंतुष्ट होकर पुन: से जिला पुलिस को मामले की जांच करने के निर्देश दिये। टयूशन सेन्टर से संबंधित  इस मामले में कष्ट निवारण समिति के सदस्य करतार सिंह सिंधड ने भी शहर में अन्य स्थानों पर चल रहे टयूशन सेन्टरों पर नजर रखने बारे अनुरोध किया और कहा कि टयूशन सेन्टरों के बाहर अनेक मनचले लडक़े हुल्लडबाजी करते नजर आते हैं ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाया जाए।
वित्त मंत्री ने डेरा बहलोलपुर निवासी श्रीमती लखविन्द्र कौर पत्नि लखबीर सिंह की शिकायत पर उप-पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रस्तुत की गई जांच रिपोर्ट सुनने उपरांत कहा कि प्रार्थी का खंभा लगा है या नहीं इसकी रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करें और इस प्रकार इस मामले को लम्बित रखा गया। इसी प्रकार पुलिस विभाग से संबंधी तरावड़ी वार्ड  न. 1 निवासी कैलाशो देवी पत्नि जयपाल की शिकायत पर उप-पुलिस अधीक्षक द्वारा जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि इस मामले से जुड़े मुलजिम गिरफ्तार हो चुके हैं और उनका चालान करके न्यायालय में  पेश किया गया है। इस मामले की सुनवाई करने उपरांत अध्यक्ष ने इसे फाईल करने के निर्देश दिये।  एजेंडे में रखी गई शिकायतों के अलावा कष्ट निवारण समिति के सदस्य घनश्याम दास गुप्ता ने वित्त मंत्री को अवगत कराया कि पैंशन वितरण का कार्य सही तरीके से नहीं हो रहा है। उन्होंने वार्ड वाईज पैंशन वितरण करवाने बारे अनुरोध किया । इसके अतिरिक्त उन्होंने अनुसूचित जाति के लोगों को वितरित की जाने वाली नि:शुल्क 200 लिटर की पानी की टंकी भी उपलब्ध करवाने बारे भी निवेदन किया। अध्यक्ष ने बताया कि पैंशन वितरण स्कीम को अब और पारदर्शी बनाया गया है अब उन्हीं पात्र लोगों को पैंशन मिलेगी जो बैंक में अपना खाता खुलवायेंगे और आगामी पैंशन बैंक के माध्यम से ही मिलेगी। 
बैठक में उपायुक्त श्रीमती नीलम प्रदीप कासनी ने वित्त मंत्री का स्वागत करते हुए बताया कि जिला के अधिकारी 11 बजे से लेकर 12 बजे तक अपने-अपने कार्यालय में लोगों की शिकायतें सुनकर उनका समाधान करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कष्ट निवारण समिति के अध्यक्ष के निर्देशानुसार ही जनता की भलाई और उनकी समस्याओं के निपटान में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जायेगी।  
इस अवसर पर करनाल की विधायक एवं हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती सुमिता सिंह, जिला परिषद के अध्यक्ष श्री अंग्रेज सिंह धूमसी, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार आर्य, अतिरिक्त उपायुक्त एम.के.पांडुरंग सहित जिला के सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त समिति के गैर-सरकारी सदस्यों में संतोष कुमारी शर्मा, राकेश कुमार, रितु सिंह, कनक रानी, कैप्टन ताराचंद, बेदी राम, सूरजभान कश्यप, सुशील गर्ग, प्रमोद गुप्ता, सुरेश कुमार, त्रिलोचन सिंह, अंग्रेज सिंह, सूरत सिंह साही, इन्द्र कुमार, पंकज जनोट, गुरूदेव सिंह, सुदेश गुलाटी, रामप्रकाश, सुशील गुप्ता, सतीश शर्मा, दया प्रकाश, शेरसिंह, इन्द्र पाल सिंह, सोम नाथ  तथा भगवान दास बंसल भी उपस्थित थे।

कन्याभ्रूण हत्या करवाने वाले की सूचना देने वाले को मिलेगा पांच हजार का इनाम:कासनी


करनाल  विजय काम्बोज
घटते लिंगानुपात में समानता लाने तथा कन्याभ्रूण हत्या की रोकथाम के लिये गठित जिला टास्क फोरस कमेटी की आज यहां हुई द्वितीय बैठक में कमेटी की अध्यक्ष उपायुक्त श्रीमती नीलम पी. कासनी ने ऐलान किया कि जो व्यक्ति कन्याभ्रूण हत्या करने या करवाने वाले की सूचना जिला प्रशासन को देगा उसे स्वास्थ्य विभाग की ओर से 5 हजार रुपये का नकद ईनाम दिया जायेगा। ज्ञात रहे कि इस बारे हरियाणा सरकार द्वारा पहले ही एक लाख रुपये का ईनाम देने की घोषणा की गई है। उपायुक्त ने कहा कि ऐसी सूचना देने वाले व्यक्ति यदि चाहे तो उनका नाम गुप्त रखा जा सकता है।  इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एम.के.पांडुरंग भी उपस्थित थे। 


बैठक में उपायुक्त श्रीमती कासनी ने गत मास हुई टास्क फोरस के बाद अब तक के हालात और जिला में लिंगानुपात पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह चिन्ता का विषय है कि गांव में भी लड़कियों की संख्या कम हो रही है इस असमानता से पार पाने के लिए उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्ताओं तथा स्वास्थ्य कार्यकत्र्ताओं को और अधिक सक्रियता से डयूटी करने के निर्देश दिये। उपायुक्त ने बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी की प्रतिनिधि सी.डी.पी.ओ. को कड़े निर्देश दिये कि आंगनवाड़ी कार्यकत्र्ता गांव में गर्भवती महिलाओं का पूरा रिकार्ड रखें और  उसके प्रसव काल तक नजर रखी जाए। आंगनवाड़ी कार्यकत्ताओं की लापरवाही से कई बार गर्भवती महिलाएं अल्ट्रासाऊंड करवाने के लिए किसी न किसी अवैध गर्भपात केन्द्र पर जाकर गर्भपात करवा लेती हैं जिससे गर्भ में कन्या की हत्या का कारण बनता है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्ताओं के लिए ये निर्देश भी दिये कि उनके द्वारा अगली बैठक तक गांववार लिंगानुपात का पूरा विवरण दिया जायेगा। विवरण में गर्भवती महिलाओं की संख्या व समय भी दर्शाया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन गांवों में लिंगानुपात बहुत ही कम है वहां स्वास्थ्य व आंगनवाड़ी कार्यकत्ताओं से कारण पूछा जाए।  
बैठक में उपस्थित सिविल सर्जन डाक्टर वंदना भाटिया ने बताया कि तरावड़ी के संजय अस्पताल के प्रभारी डाक्टर का अल्ट्रासाऊंड केन्द्र नियम पूरे न करने के आरोप में मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी अधिनियम के तहत बंद कर दिया गया है और इसकी जांच चल रही है। इसी प्रकार नीलोखेड़ी के धवन अस्पताल में भी कमियां पाए जाने पर उसे पी.एन.डी.टी. एक्ट के तहत कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। सिविल सर्जन ने बताया कि एक मास में जिला में 18 अल्ट्रासाऊंड केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने उपायुक्त को अवगत कराया कि अवैध रूप से गर्भपात करने में अधिकतर आर.एम.पी. डाक्टरों का हाथ होता है जो दलालों के माध्यम से अल्ट्रासाऊंड केन्द्रों से मिले होते हैं। उन्होंने बताया कि शहर के दो मुख्य व भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में दो बड़े होर्डिंगस लगाये जायेंगे जिन पर पूरे जिले का लिंगानुपात दर्शाया जायेगा। इस बारे उपायुक्त का सुझाव था कि डिजीटल होर्डिंग लगाई जाएं तो ज्यादा अच्छा रहेगा जिन पर आंकड़े डिस्प्ले होते रहेंगे। 
बैठक में उपस्थित अतिरिक्त उपायुक्त एम.के.पांडुरंग ने कहा कि जब गर्भपात करवाने वाले दम्पत्ति या दलालों को अवैध अल्ट्रासाऊंड की जानकारी हासिल हो जाती है तो स्वास्थ्य विभाग को क्यों नहीं। उन्होंने सुझाव दिया कि डाक्टरों को इस बारे अपनी पूरी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। भविष्य में प्राईवेट डाक्टरों और अल्ट्रासाऊंड सेन्टरों का औचक निरीक्षण उपमंडलाधीशों द्वारा करवाया जायेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कन्याभ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए प्रचार-प्रसार के साधनों का अधिक से अधिक प्रचार किया जाए। 
शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डाक्टर राजीव गुप्ता ने कहा कि कार्यरत अल्ट्रासाऊं ड केन्द्रों पर नजर रखने के लिए फर्जी ग्राहक भेजने की कार्यवाही जारी रखी जानी चाहिए। कन्याभ्रूण हत्या की बुराई को रोकने के लिए इस अवैध धंधे में लगे कथित डाक्टरों में भय कायम रखना जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सुझाव दिया कि वह इस बारे अपनी और सक्रियता बढ़ा सकते हैं।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्यो, राधेश्याम शर्मा व एम.एस. नैन ने कहा कि वे इस अपराध को रोकने के लिए लोगों की नब्ज को टटोलने की जरूरत है जब तक समाज की नियत के बारे में हमें जानकारी नहीं होगी तो इस कार्य में मेहनत के परिणाम आने मुश्किल हैं। उन्होंने पेशकश की कि वे महाविद्यालयों में युवा विद्यार्थियों को स्वयंसेवक के रूप में तैयार करें जो गांव-गांव जाकर कन्याभ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए जागरूक करेंगे। 


बैठक में उपमंडलाधीश असंध आर.के सिंह ने भी कन्याभ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। बैठक में डिप्टी सिविल सर्जन डाक्टर अनिता अग्रवाल ने बताया कि टास्कफोरस की महीने में कम से कम एक बैठक आयोजित की जायेगी।  महीने में 20 पंजीकृत अल्ट्रासाऊंड सेन्टरों का औचक निरीक्षण किया जायेगा। फॉक मीडिया द्वारा कम से कम 10 गांवों में प्रचार किया जायेगा तथा जिन गांवों में लिंगानुपात में गिरावट आई है उनमें नुक्कड़ संभाए आयोजित करके उन्हें जागरूक किया जायेगा तथा कन्याभ्रूण हत्या की रोकथाम गांव-गांव श£ोगन व वाल पैंटिंग करने का प्रावधान किया जा रहा है ताकि आम आदमी को इसकी जानकारी मिल सके। 



योग मनुष्य के तन मन को निरोग बनाता है:दिनेश कुमार


करनाल सुरेश अनेजा
भारत विकास परिषद की करनाल शाखा द्वारा जिला जेल में चल रहे  योग शिविर के छठे दिन  सृजन परिवार  दिल्ली के संस्थापक दिनेश कुमार ने बंदियों को योग के गूर का अभ्यास करवाया और कहा कि योग एक ऐसा माध्यम है जो मनुष्य के  तन-मन को निरोग बनाता है।


उन्होंने शिविर में उपस्थित बंदियों को  कहा कि मनुष्य के जीवन में हर दिन कुछ ना कुछ सिखने के लिए होता है परन्तु कुछ चीजे ऐसी होती है जो जिन्दगी मे सीखनी जरूरी हैं जिनमें से  योग भी एक है। उन्होंने कहा मनुष्य को अपने जीवन में किसी न किसी अच्छे ज्ञान की प्रेरणा चाहिए जिसे पाकर व्यक्ति अपनी मानसिक ताकत को जिंदा रख सके इसके लिये योग सबसे उत्तम साधन है। उन्होंने  बंदियों को योग के गूर भी सिखए तथा योग से होने वाले फायदो के बारे  विस्तार से जानकारी दी।
आज के शिविर में  जेल अधीक्षक शेरसिंह ने भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा का जेल परिसर में बंदियों के लिए योग शिविर आयोजित करने पर आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि इस शिविर में प्रतिदिन 400 बंदी, महिला बंदी व कर्मचारी एवं अधिकारियों ने भाग लेकर योगा के गूर सीख रहे है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनो से हो रही बारिश के बावजूद भी उनके उत्साह में कोई कमी नहीं आई। उन्होंने कहा 22 जून को  इस शिविर का उदघाटन उपायुक्त नीलम प्रदीप कासनी ने किया था। यह योग शिविर 30 जून तक चलेगा और इसके बाद प्रतिदिन योग प्रशिक्षित बंदी व जेल कर्मचारी कैदियों को योग करवायेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जेल में चल रहे संगीत कार्यक्रम से कैदी जुड रहे हैं और उनका रूझान भक्ति की ओर बढ़ रहा है। 
् इस अवसर पर भारत विकास परिषद के पदाधिकारी प्रो0 जोगिन्द्र मदान, प्रो0 वी.के. बंसल, डा0 सी.के.ठाकु र, प्रतिभा बंसल, डा0 मनोज विरमानी, डा0 सरिता ठाकुर, जेल उप-अधीक्षक संजीव कुमार, उप-सहायक अधीक्षक जेल रामफल, वार्डर धर्मजीत सहित अन्य जेल अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।



विधायक सुमिता सिंह ने किया सामान्य अस्पताल में नई इमारत का भूमि पूजन´


करनाल विजय काम्बोज
हरियाणा महिला कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष व करनाल की विधायक श्रीमती सुमिता ङ्क्षसह ने आज सामान्य अस्पताल में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली सी.टी. स्कैन  मशीन की इमारत के लिए भूमि पूजन कर मुख्यमंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुडडा का जिले के लोगों के लिए अपनी  वर्षो पुरानी मांग पूरी करने पर आभार प्रकट किया। 


विधायक ने कहा कि जरूरतमंद लोगों के इलाज के लिए सी.टी. स्कैन  मशीन का अहम योगदान है। सामान्य अस्पताल में इलाज करवाने वाले लोगों को सी.टी. स्कैन के लिए बाहर के अस्पतालों में जाना पड़ता था वहां पर उन्हें इसके लिए भारी कीमत चुकानी पड़ती थी। कई बार तो ऐसा देखा गया है कि मरीज अस्पताल से सी.टी. स्कैन करवाने तक ही दम तोड़ देता है। इसके लिए उनका प्रयास था कि करनाल के सामान्य अस्पताल में लोगों को यह सुविधा दी जाए। उन्होंने कहा इसके लिए उन्होंने कई बार विधानसभा में प्रश्न भी उठाया है। अब मुख्यमंत्री ने हरियाणा के करनाल व रिवाड़ी में सी.टी. स्कैन  मशीनों को लगाने की मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि इस मशीन व इसकी ईमारत पर 2 करोड़ रूपये का खर्चा आयेगा। इस मशीन के लगने के बाद किसी भी मरीज को इस सुविधा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। विधायक ने बताया कि यह मशीन करीब 4 महीने में स्थापित हो जायेगी। इसकी इमारत का ठेका फिलिप्स कम्पनी को दिया गया है। उन्होंने ठेकेदार को कहा कि इमारत को बनाने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए ताकि समय रहते पूरा हो सके। उन्होंने कहा इमारत के निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरतें। 
श्रीमती सुमिता सिंह ने कहा कि सी.टी. स्कैन मशीन के चालू होने से न केवल करनाल जिले के लोगों को यह सुविधा मिलेगी बल्कि आस पास के जिले के लोगों को भी इस सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि बी.पी.एल. व सडक़ दुर्घटना के मरीजों के लिए यह सुविधा मुफ्त दी जायेगी तथा आऊटडोर मरीजों के लिए 600 रुपये व इंडोर मरीजों के लिए 300 रुपये में यह सुविधा दी जायेगी। उन्होंने कहा जबकि प्राईवेट अस्पतालों में इस समय 1500 रुपये में सी.टी. स्कैन किया जाता है। विधायक ने सिविल सर्जन श्रीमती वंदना भाटिया से कहा कि सी.टी. स्कैन  की इमारत के कार्य व मशीन के लगने तक के कार्य को व्यक्तिगत रूप से देखें ताकि सारे कार्य में पारदर्शिता हो सके। 
इस अवसर पर डाक्टर संजीव ग्रोवर, डा0 डी.एल.ढल, डा0 योगेश, डा0 पीयूष शर्मा, डा0 अनिता अग्रवाल, डा0 मित्तल व डा0 चौधरी सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारीगण भी उपस्थित थे।  


 कांग्रेस सरकार कभी भी टूट सकती हैं: डॉ. अशोक कश्यप
इन्द्री सुरेश अनेजा 
इनेलो पार्टी द्वारा इन्द्री उपमंडल में कांग्रेस सरकार के खिलाफ  चलाये जा रहे जन जागरण अभियान के तहत आज इनेलो पार्टी के इन्द्री के विधायक अशोक क श्यप ने इन्द्री हल्के के कई गांवों का दौरा कर जनता को इनेलो पार्टी की जनहितकारी नीतियों के बारे में अवगत कराया। इस अवसर पर जनजागरण अभियान के जिला प्रभारी सफीदों  के विधायक कलीराम पटवारी,जिला प्रधान यशवीर राणा,राकेश काम्बोज,गुरदेव रंबा,प्रदीप काम्बोज,ओमप्रकाश जैमिनी,होशियार सिंह,गुलाब बहादुर रोड,डॉ. जयपाल,पूर्ण सांगवान,बलिंद्र भादसों सहित कई नेताओं ने भाग लिया। जनजागरण अभियान के तहत पांचवे दिन इनेलो नेताओं ने हल्के के कुडक जागीर, जटपुरा, सगनपुर, उचाना,कैलाश, टीकरी, टपराना, दनियालपुर,नेवल,,वजीदपुर,जडौली,मुगलमाजरा एवं बड़ा गांव का दौरा किया। 


जगह जगह पर लोगों ने इन नेताओं का गर्मजोशी के साथ फू लमालायें डालकर स्वागत किया। जनजागरण के दौरान गांववालों को संबोधित करते हुए डॉ. अशोक कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार जोड़तोड़ एवं विधायकों की खरीद-फ रोख्त करके बनाई गई है। वर्तमान में जो हालात कांग्रेस सरकार के हैं उससे यह स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकार कभी भी टूट सकती है। प्रदेश के दो मंत्रियों पर हत्या करवाने के आरोप लगे हुए हैं एवं प्रदेश के दो मौजूदा मंत्री मुख्यमंत्री से खफा चल रहे हैं। ऐसे में प्रदेश के विकास की तरफ  किसी का भी ध्यान नहीं है। कांग्रेस सरकार में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। प्रदेश का हर वर्ग कांग्रेस सरकार से दुखी है एवं बदलाव चाहता है। जनता ने आगामी चुनावों में इनेलो पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना लिया है।  

छछरौली के पूर्व बसपा विधायक के बेटे की शादी में नहीं पहुचे मुख्यमंत्री


यमुनानगर, 26 जून कुलदीप सैनी 
 हरियाणा के मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का सारी तैयारियों के बावजूद यमुनानगर न आना चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीति को जाननें वालों का कहना है कि मौजूदा विधायक नाराज न हो इसे इसका मुख्य कारण माना जा रहा है। छछरौली के पूर्व बसपा विधायक और हाल ही में कांग्रेस  में शामिल हुए अर्जुन सिंह के बेटे का शादी समारोह यमुनानगर के कर्ण पैलेस में रखा गया था। इस समारोह में मुख्यमंत्री ने पहुंचना था और इसको लेकर प्रशासन द्वारा भी सभी पुख्ता इंतजाम कर लिये गए थे। यहां तक की आवागमन के रास्तो पर कई घंटे पुलिस कर्मचारी भी तैनात कर दिये गए और बाद में मुख्यमंत्री का दौरा रद्द हो गया। अर्जुन सिंह का बसपा विधायक रहते हुए और अब पूर्व विधायक होने पर भी मुख्यमंत्री प्रेम जग जाहिर है। बसपा विधायक होते हुए भी वह मंच पर भी मुख्यमंत्री की तारीफ करते नहीं थकते थे और अब तो हाल ही के दिनों में वह कांग्रेस में शामिल भी हो गए। पूर्व विधायक के कांग्रेस मे शामिल होने के बाद शादी समारोह में मुख्यमंत्री का आना लगभग पक्का माना जा रहा था लेकिन अन्तिम समय में कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। राजनीतिज्ञों का मानना है कि मुख्यमंत्री क्षेत्र के विधायक एवं हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष अकरम खान को नाराज नहीं करना चाहते थे क्योंकि मौजूदा विधायक का समर्थन सरकार को है ओर मुख्यमंत्री विधायक के विरोधी के समारोह में शामिल होकर अगर उसका कद बढ़ाते हैं तो इससे खटास पैदा हो सकती थी। इसके अलावा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का स्थगित होने का एक कारण साढ़ौरा के विधायक राजपाल भूखडी के पिता की रस्म क्रिया भी हो सकता है। यह विधायक केन्द्रीय मंत्री कुमारी शैलजा का समर्थक है और उनके पिता की रस्म क्रिया में शैलजा भी शामिल हुई थी। ऐसे में अगर मुख्यमंत्री शादी समारोह में शामिल होकर चले जाते और विधायक के पिता की रस्म क्रिया में शामिल न होते तो इसके भी राजनीति खेमें में गलत संदेश जाता। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के रद्द होने के चाहे कुछ भी कारण रहे हों अन्तिम समय में उनका न आना यहां चर्चा का विषय जरूर बना हुआ है। उधर विधायक अर्जुन सिंह के पुत्र का विवाह हर्षोल्लास के साथ हिन्दु रीति रिवाज के साथ हुआ। शादी समारोह में विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों के अलावा हजारो की संख्या में लोगों ने शामिल होकर नवदम्पत्ति को अपना आशीर्वाद दिया। 
******************************************************


पति और सास के खिलाफ  दहेज उत्पीडन का मामला दर्ज
यमुनानगर, 26 जून (कुलदीप सैनी)
 पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर आरोपी पति व उसकी सास के खिलाफ दहेज उत्पीडन का मामला दर्ज किया है। किशना कालोनी गढ़ी रोड़ निवासी इंदू रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह कुछ समय पहले पुराना हमीदा निवासी कपिल कुमार के साथ 22 नवंबर 2009 में हुआ था। विवाह में उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार काफी दान दहेज देकर विदा किया था। विवाह होने के कुछ महीनों पश्चात पति ने उसे दहेज को लेकर परेशान करना शुरू कर दिया जिसकी शिकायत उसने अपने परिजनों से की। परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष के लोगों को खूब समझाया, लेकिन वह नहीं माने और एक दिन ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहित महिला को पीट-पीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीडि़त महिला की शिकायत पर पति कपिल कुमार व सास चंद्र रेखा के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज कर लिया। 
**************************************


अवैध हथियार के साथ युवक गिरफतार
यमुनानगर, 26 जून (कुलदीप सैनी)
अवैध हथियार लेकर घूमने के आरोप में पुलिस ने पुराना फव्वारा चौंक के नजदीक से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, जिसे आज अदालत में पेश करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 
पुलिस को देर शाम गुप्त सूचना मिली कि एक युवक फव्वारा चौक के नजदीक संदिग्ध हालत में घूमता हुआ देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को रूकने को कहा लेकिन युवक पुलिस को देखते हुए भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को फव्वारा चौंक के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान युवक के पास से एक 315 बोर का देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रेलवे कालोनी सहारनपुर निवासी भानू प्रताप के रूप में हुई है।
तेजधार हथियार से हमला: एक व्यक्ति ने तेजधार हथियार से हमलाकर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलावस्था में उसे पास के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। 
गांव मेहलावाली निवासी संजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के ही परमा नाम के युवक ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों द्वारा उसे पास के सामान्य अस्पताल  में भर्ती करवाया। पुलिस ने शिकायतकर्ता के ब्यान पर मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। 
ताला तोडक़र चोरी: चोरों ने मकान का ताला तोडक़र वहां से हजारों रूपये का सामान चोरी कर लिया।  मुकंदलाल कॉलेज रोड़ रादौर निवासी राजेश दत्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत दिवस वह किसी काम से अपने परिवार सहित कहीं गया हुआ था। अगली सुबह जब वह घर पहुंंचा तो उसने देखा कि उसके घर का ताला टूटा पड़ा है और घर में पड़ा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। चोर घर से कीमती सोने के जेवरात व नगदी चोरी करके ले गए। पुलिस ने पीडित व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू दी है। 
#################################################
मंहगाई के खिलाफ  जनता युवा मोर्चा ने किया प्रदर्शन
रादौर,26 जून(कुलदीप सैनी)
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस सरकार द्वारा डीजल व गैस सिलेंडर, कैरोसीन ऑयल की कीमतों में वृद्धि करने पर केन्द्र सरकार का प्यारा चौंक पर पुतला जलाकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। आज मोर्चा कार्यकत्र्ता सरकार विरोधी नारे लगाते हुए युवा जिला महामंत्री रोचक गर्ग और युवा मंडल प्रधान नितिन कपूर के नेतृत्व में इकट्ठे  हुए और बढी हुई तेल व सिलेंडर की कीमतों को वापिस लेने की मांग करते हुए प्यारा चौंक पर चक्का जाम किया। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने कीमतों को बढ़ाकर सिद्ध कर दिया कि यह सरकार गरीबों व आम लोगों की सरकार नहीं बल्कि पूंजीपतियों की सरकार है। श्री गर्ग ने कहा कि सरकार चाहती तो टैक्स कम करके आम जनता को राहत दे सकती थी लेकिन सरकार ने कीमतें बढ़ाकर अमीर व गरीब में दूरी बढाने का कार्य किया है। विरोध प्रदर्शन में अमनदीप, निपुन, अमनप्रीत, नितिन भाटिया, मन्नी भाटिया, संदीप शर्मा, रोबिन कपूर, राजीव, मनोज, आशीष, अनुज, प्रदीप, रोहित, गौरव, प्रिंस, विनीत, हेमंत, दीपक, संजीव, जप्पी, भूषण, रोहताश सहित सैंकडो युवा उपस्थित थे। 
*********************************************
विवादित भूमि की करवाई निशानदेही
रादौर,26 जून(कुलदीप सैनी):
 गांव जठलाना के सरंपच रामगोपाल शर्मा पटवारी रणधीर, जयदेव व पंचायत सचिव राकेश कुमार के साथ बेचिराग गांव रामगढ़ की 147 एकड़ विवादित भूमि की निशान करवाने पहुंचे। लेकिन जठलाना पंचायत को उस समय बेचिराग गांव रामगढ़ की भूमि की निशानदेही का कार्य बीच में ही रूकवाना पड़ा जब भूमि पर अपना मालिकाना हक जता रहे गांव बागवाली के ग्रामीणों ने भूमि की निशानदेही का विरोध किया। गांव बागवाली के ग्रामीणों का कहना था कि जब तक डीसी कोर्ट में विवादित भूमि को लेकर चल रहे मामले पर कोई फैसला नहीं आ जाता तब तक वे भूमि को जठलाना पंचायत को नहीं सौंपेगें। वहीं गांव जठलाना के सरंपच रामगोपाल शर्मा का कहना था कि यह भूमि जठलाना पंचायत की है। जिस कारण वे प्रशासन के अधिकारियों के दिशानिर्देश अनुसार ही कार्य कर रहे है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए थाना प्रभारी सूरजभान मौके पर पुलिस बल के साथ मौजूद थे। जठलाना पंचायत व गांव बागवाली के ग्रामीणों के बीच तनाव के माहौल के बाद थाना प्रभारी ने  जठलाना  पंचायत की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की एवज में विरोध कर रहे कुछ लोगों को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया।   


क्या है मामला-जठलाना पंचायत के अधीप पडऩे वाले बेचिराग गांव रामगढ़ में 147 एकड़ भूमि है। जिस पर गांव बागवाली, उन्हेंडी व जठलाना के कुछ लोग अपना मालिकाना हक बता कर भूमि को अपना मान रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि भूमि का इंतकाल 2005 से उनके नाम चल रहा है। जिस कारण भूमि पर उनका हक बनता है। वहीं जठलाना पंचायत का कहना है कि यह भूमि शामलात भूमि है। जो जठलाना पंचायत की है। जमीन को अपना बताने वाले लोग कोर्ट में केस भी हार चुके है। लेकिन जबरन भूमि पर अपना हक जता कर भूमि पर कब्जा करना चाहते है। 


लगभग 50 एकड़ की हो चुकी है बोली- जठलाना पंचायत द्वारा इस 147 एकड़ भूमि में से लगभग 50 एकड़ की बोली करवा दी गई है। जिसमें से 8 एकड़ भूमि मोतीराम ने 65 हजार में, 10 एकड़ भूमि रिखीराम ने 80100 रूपये में, रामेश्वर दसौंदी ने 75 कनाल 5 मरले भूमि 81 हजार में, बलराज ने 66 कनाल 12 मरले भूमि 70500 रूपये  में, अशोक कुमार ने साढ़े पांच एकड़ भूमि 46100 रूपये में, महबूब ने पांच एकड़ भूमि 40 हजार रूपये में, लक्ष्मण ने 9 एकड़ भूमि 75 हजार रूपये में जठलाना पंचायत से जमीन ठेके पर ली है। पंचायत ने इस सारी भूमि को 16 प्लांटो में बांटा है। प्रत्येक प्लांट में 8 से 10 एकड़ भूमि है। पंचायत द्वारा अभी 9 प्लांटो की बोली करवाए जाना बाकी है। 
भूमि का विवाद ले चुका है दो की जान-भूमि पर अपना हक जता रहे ग्रामीण रणबीर, सधाराम, दिनेश कुमार, सतीश कुमार, बाबूराम, तेजपाल, सुरेश कुमार व जगमाल ने बताया कि भूमि पर उनका मालिकाना हक है। 2005 में हमारे नाम इंतकाल आया था। लेकिन उसके बाद भी पंचायत व प्रशासन के कुछ अधिकारी इसमें रोड़ा अटका रहे है। जिसको लेकर पंचायत ने इस भूमि को जबरन ठेके पर दे दिया था। इसकी वजह से ही 12 जून2007 को ठेकेदारों के साथ उनका विवाद हो गया था। इस विवाद में दिलाराम की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं एक अन्य धनीराम के सिर पर गंडासी लगने से वह बुरी तरह से घायल हो गया था। जिसकी कुछ महीनों बाद ईलाज के दौरान मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि इस बार भी उन्हीं लोगों ने भूमि की बोली दी है जो पिछले विवाद में शामिल थे। बोली देने वाले लोगों में से अधिकतर में खिलाफ कोर्ट में पिछले विवाद को लेकर केस भी चल रहा है। भूमि से वे जब तक अपना कब्जा नहीं छोडग़ें जब तक भूमि को लेकर चल रहे केस पर कोई फैसला नहीं आ जाता। वे इसका लगातार विरोध करते रहेगें। इसके लिए उन्हें कोई भी कुर्बानी देनी पड़ी तो वे तैयार है। अगर कोई अप्रिय घटना होती है तो प्रशासन ही उसका जिमेंवार
है। 


सरकारी काम में बाधा पहुंचाने पर करेगें कार्रवाई-इस बारे थाना प्रभारी सूरजभान ने बताया कि जठलाना पंचायत की शिकायत पर उन्होंने बुधराम, सूरता राम, सुरेश, रणबीर, बाबूराम, प्रेमपाल, तेजपाल के खिलाफ धारा 107 व 151 के तहत कार्रवाई की है। उक्त लोग सरकारी काम में बाधा डाल रहे थे। भूमि पर अपना हक बता रहे इन लोगों के पास मौके पर कोई सबूत भी नहीं था। शांति बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा यह कदम उठाया गया है। जिस पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
========================================


दो ट्रकों की आमने सामने की भिडंत,तीन घायल
रादौर,26 जून(कुलदीप सैनी):
 देर रात्रि गांव छोटाबांस के नजदीक एसके मार्ग पर दो ट्रकों की आमने सामने की भिडंत  में ड्राइवर समेत तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुघर्टना का शिकार हुए एक ट्रक करनाल से मदर डेयरी का दूध लेकर आ रहा था। टक्कर लगने से लगभग 50 हजार रूपये का दूध  सडक़ पर बिखर गया।  मौके का फायदा उठाते हुए आसपास के लोगों ने दस दूध की करेट भी मौके से चुरा ली। मामले की सूचना रादौर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। 
दुघर्टना में घायल हुआ राजेन्द्र अपने ट्रक एचआर 46बी-3067 में 200 करेट दूध की लेकर करनाल से सहारनपूर जा रहा था। जब वह गांव छोटाबांस के लखदाता पीर के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे एक ट्राले नंबर एचआर 67-8370 ने उसके ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसे व उसके कंडक्टर को  गंभीर चोटें आई। वहीं दूसरे ट्रक के डाइवर को भी काफी चोट पहुंची है। टक्कर लगने से सारा दूध सडक़ पर बिखर गया और ट्रक को भी काफी क्षति पहुंची है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। 

Sunday, June 26, 2011

बाबा रामदास गिरी की कुटिया पर भंडारे का आयोजन


करनाल, सुरेश अनेजा 
 कलवेहड़ी गांव स्थित बाबा रामदास गिरी की कुटिया पर आयोजित ग्रीष्मकालीन भंडारे में श्रद्धा की बयार बही। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा जी का आशीर्वाद हासिल किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष वैद्य देवेंद्र बतरा ने साधु-संतों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। गायक मासूम ठाकुर व महेश गांधी ने भक्ति संगीत कार्यक्रम पेश कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। बीआरडी विद्यापीठ के बच्चों ने राधा-कृष्ण का नृत्य कर श्रद्धालुओं का मन मोहा।
बाबाजी की समाधि पर साल में दो बार भंडारे का आयोजन किया जाता है। यह परंपरा 1966 से चली हुई है। क्षेत्र के लोगों की बाबा में गहरी आस्था है तो विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग भंडारे के अवसर पर यहां पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर बस अड्डे से बसों की व्यवस्था की गई तो कलवेहड़ी चौक से कुटिया तक वाहनों की व्यवस्था बनाई गई। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ।
स्वामी सत्यानंद जी तीर्थ व स्वामी रजनीशानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्ति मार्ग पर चलकर जीवन सुखी बनाने का संदेश दिया। मनुष्य को अपना जीवन दूसरों के कल्याण में लगाना चाहिए। कुटिया में शीतकालीन 92वां भंडारा 25 दिसंबर को होगा। इस मौके पर चौधरी वेदपाल, विधायक सुमिता सिंह, पीएफ कमीश्नर केएल गोयल, महेंद्र सिंह, अशोक यादव, कपिश मेहरा, दर्शना बतरा, यश बतरा, जुगल, देव रत्‍‌न, पम्मी खन्ना, राजिंद्र मोहन, सुभाष गुरेजा, एनआरआइ प्रीतम सिंह, डेनी, आशा गुप्ता, पूजा, कान्या व वरुण मनोचा उपस्थित रहे।

देवस्थान सहयोग समारोह का आयोजन


करनाल,सुरेश अनेजा 
करनाल-इंद्री रोड स्थित श्री आत्म मनोहर जैन आराधना मंदिर में रविवार को आयोजित देवस्थान समारोह में मंत्रोच्चारण की गूंज रही। समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा रहे।
देवस्थान सहयोग समारोह का आयोजन राष्ट्र संत वाचनाचार्य श्री मनोहर मुनि महाराज के सानिध्य में युवाप्रज्ञ श्री पीयूष मुनि जी की 23वीं दीक्षा जयंती के उपलब्ध में किया गया। कुलदीप शर्मा ने देवस्थान के निर्माण को प्रदेश वासियों के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए धर्म स्थानों से मिलने वाली अध्यात्मिक ऊर्जा और नैतिक प्रेरणा की चर्चा की। उन्होंने प्रबंधक समिति के समाजसेवा, चरित्र निर्माण, स्वास्थ्य सेवा आदि कार्यो में किए जा रहे योगदान की प्रशंसा करते हुए वाचनाचार्य मनोहर मुनि की प्रेरणा की सराहना की।
प्रवेश तोरण द्वार की प्रतिष्ठा जैन बायोलोजिकल्ज पंचकूला से सत्या जैन, देव परिकर की स्थापना लुधियाना के कुलभूषण जैन, मुख्य द्वार पर कलश की स्थापना सुधा जैन और स्वास्तिक की स्थापना कुरुक्षेत्र से रामकरण अग्रवाल ने की।
देवस्थान के मुख्य प्रवेश द्वार पर पत्थर के हाथी-युगल की प्रतिष्ठा दिल्ली की संतोष जैन ने की। घरौंडा की शशी गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। देवस्थान की चारों दिशाओं में संगमरमर पर उत्कीर्ण यंत्रों की प्रतिष्ठा विभिन्न स्थानों से आए समाजसेवियों ने की। भोजन की व्यवस्था राजेश दिनेश जैन बड़ौत की ओर से की गई।
वाचनाचार्य मनोहर मुनि ने संत की व्याख्या करते हुए अपने तथा समाज कल्याण के लिए प्रयत्नशील रहना सन्यासी जीवन का उद्देश्य बताया। इस मौके पर माला जैन, अजय गुप्ता, निशी जैन, निशा जैन, गुरदयाल चंद शर्मा, नरेंद्र कुमार जैन, राजेश कुमार जैन, जसवंत राय जैन, डॉ. केके जैन, राहुल जैन और सरोज जैन एडवोकेट सहित अन्य श्रद्धालु भी मौजूद रहे।  

वर्षा की भेंट चढ़ा लाखों रुपए का गेहूं, प्रशासन बेखबर।



घरौंडा-26 जून (प्रवीन सोनी)
खाद्य आपूर्ति अधिकारियों की लापरवाही के कारण विश्राम गृह के सामने खुले आसमान के नीचे पड़ी हजारों बोरी गेहूं वर्षा की भेंट चढ़ गई। पूरी रात गेंहू से भरी इन बोरियों पर पानी बरसता रहा और विभागिय अधिकारी व कर्मचारी कुम्भकर्णिय नींद सोते रहे। विभागिय अधिकारी अब इन गीली बोरियो को ही लदान करवाने के लिए जुट गए है। 
खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा विश्रामगृह के सामने एक गोदाम के अंदर बाहर बने फड़ो पर लाखों बोरियां गेहूं की लगा रखे थे। अधिकारियों द्वारा हालांकि अपनी ओर से इनके उपर तिरपाल डालने का प्रयास किया था लेकिन शनिवार की रात को हुई भारी वर्षा ने सभी बोरियों को पानी से बिल्कुल तर बतर कर दिया और सारा गेंहू भीग गया। देखने वाली बात ये रही  कि पूरी रात गेंहू की बोरियां खुले आसमान के नीचे भीगती रही और लाखों रूपए का गेहूं बारिश की भेंट चढ़ गया लेकिन विभागिय अधिकारी कुम्भकर्णिय नींद सोते रहे। मौके पर एक प्राइवेट फर्म के कर्मचारी ने बताया कि पूरी रात से गेहूं बारीश में भीग रहा लेकिन विभाग का कोई भी कर्मचारी या अधिकारी अभी तक मौके पर नही आया है। 

घरौंडा में खुले आसमान के नीचे खाद्य आपूर्ति विभाग की भीगती गेहू की बोरियां।
छाया-तेजबीर

इस संबंध में खाद्य आपूर्ति के इंस्पेक्टर चंद्रभान का कहना है कि विभाग द्वारा इस गोदाम में गेहूं की कुछ बोरियां लगाई हुई है। जिसका उठान जारी है। 
वहीं दूसरी ओर जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी रविंद्र मलिक ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि विभाग द्वारा इस गोदाम में करीब एक लाख गेहूं की बोरियां लगाई थी जिनको तीस तारीख तक उठाया जाना है। बाकि कितना गेहूं बारीश में भीग गया है इसकी उन्हे कोई जानकारी नही है। अगर बारीश से गेहूं का नुकसान हुआ तो इसकी जांच की जाएगी। 

किसान मक्का की फसल लगा कर ज्यादा मुनाफा कमा सकता है -डॉ.सैन


इन्द्री,सुरेश अनेजा 
- हरियाणा में पानी का जलस्तर घटा जा रहा है जो कि  आनेवाले समय में किसानो के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है| इस समस्या  से निजात पाने के लिए किसानो को गेहू  चावल की बजाये दूसरी फसलो कि पैदावार करनी होगी| किसान मक्का की फसल पैदा करके ज्यादा मुनाफा कमा सकते है |यह कहना है  पूर्व डारेक्टर एवं प्रधान   भारतीय मक्का उत्पादक   डॉ. सैन दास का| डॉ. दास आज इन्द्री में काम्बोज एक्सपोर्ट कंपनी में हुई किसानो कि एक मीटिंग में बोल रहे थे|इस अवसर पर उनके साथ भारतीय मक्का  रिसर्च के डारेक्टर डॉ.आर .साई  कुमार भी मोजूद थे|  
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मक्का कि पैदावार में दूसरी फसलो कि उपेक्षा खर्चा कम आता है ओर पैदावार ज्यादा होती है| हरियाणा में मक्का की फसल पिछले काफी समय से होती आ रही है| लेकिन किसानो को पूरी पैदावार नहीं मिल पा रही थी इसका मुख्य कारण बाजार में अच्छी  किस्म के बीजो का ना होना था| लेकिन आज बाजार में हाइब्रिड बीज उपलब्ध  है| जिनको खेतो में डाल कर किसान ज्यादा पैदावार कर सकते है ओर ज्यादा पैसा भी कमा सकते है |उन्होंने बताया कि मक्का कि पैदावार में खाद भी कम डालना पड़ता है |क्योकि मक्का की जड़े काफी हद तक खाद का काम भी करती है| मक्का के गुणों  के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग मॉस  अण्डा नहीं खाते है उनके लिए मक्का एक वरदान है| मक्का खाने से प्रोटीन एवं कई प्रकार  के मिनरल्स मिलते है| बच्चो  एवं गर्भवती  महिलाओ  के लिए मक्का काफी फायदेमंद साबित होता है| इसकी फसल किसान सारा साल कर सकते है| लेकिन इसके लिए फरवरी से नवम्बर  का समय उचित रहता है| उन्होंने किसानो को सरकार द्वारा प्रमाणीत किस्मो  के बीज लेने की सलाह दी|
इस  अवसर पर भारतीय मक्का  रिसर्च के डारेक्टर डॉ.आर .साई  कुमार ने कहा की इस समय पुर भारत वर्ष के २२ राज्यों में ३० रिसर्च सेंट्रो पर मक्का की बीजो पर रिसर्च चल रही है |उन्होंने बताया की इस समय पूरे भारत वर्ष में मक्का का उत्पादन  हो रहा है |सरकार  निजी  बीज कम्पनियो के साथ मिल कर अच्छी किस्म के हाईब्रिड बीज किसानो को उपलब्ध करा रही है |किसान मक्का की फसल की और काफी आकर्षित हो कर काफी मुनाफा कमा रहे है|
इस   अवसर पर कम्बोज एक्सपोर्ट के निदेशक शुभ करण कम्बोज ने कहा क़ि किसानो को धान से अधिक मक्का लगा कर अपनी आमदनी बढाने का कार्य करना चाहिए|अच्छी क्वालटी के मक्के के उत्पाद से हमें कई प्रकार के प्रोटीन भी मिलते है | उन्होंने बताया कि   HQPM 1- HQPM -5,HQPM -7,HM-4(बेबी कोरन )HM -5 किस्मो   के बीज ज्यादा फायदेमंद है| उपरोक्त सभी बीज कम्बोज एक्सपोर्ट ने   बाजारों में भी  उपलब्ध  करा रखे है | कम्बोज एक्सपोर्ट अच्छी किस्मो के बीज मार्किट में  उपलब्ध करवा रहा है |