Friday, April 1, 2011

रोजगार के अवसर पैदा करना हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती :दीपेंद्र हुड्डा




रायपुरानी
देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर टिका है। वर्तमान दौर में युवाओं को बेहतर शिक्षा देना और फिर उनके लिये रोजगार के अवसर पैदा करना हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती है। जिस गति से हम आगे बढ़ रहे हैं और युवाओं का रेसों बढ़ रहा है, उसे देखते हुये भारत में अगले दस वर्षों में दस करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करने की जरूरत है। यह कहना है रोहतक लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपेंद्र सिंह  हुड्डा का। वे शुक्रवार को मौली, बरवाला (पंचकूला) में श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस मौके पर जहां उन्होंने संस्थान द्वारा विधार्थियों के हित में उठाये गये कदमों की सराहना की, वहीं वार्षिकोत्सव का नाम नृत्य बेला रखे जाने को भी उन्होंने बढिय़ा फैसला बताया। वार्षिकोत्सव में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष अकरम खान, मुख्य संसदीय सचिव तथा नारायणगढ़ के विधायक रामकिशन गुर्जर, पंचकूला के विधायक डीके बंसल तथा हरियाणा यूनानी बोर्ड के चेयरमैन डॉ. संजय अत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम में दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशल गेस्ट ऑफ ऑनर थे। संस्थान के निदेशक हरीश मित्तल, चेयरपर्सन आशा किरण ने जहां समारोह में पधारे मुख्यातिथियों का स्वागत किया वहीं इंस्टीट्यूट के सिंप्रसिपल वीके गर्ग ने वार्षिक रपट पढ़ी। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतबीर डागर, पंचकूला जिला परिषद के चेयरमैन राजेश कोना, चंडीगढ़ नगर निगम के पूर्व मेयर ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला इंजीनियर कॉलेज के चेयरमैन सवर्ण गुप्ता, स्वामी देवीदयाल संस्थान के चेयरमैन मोतीलाल सिंजदल, महासचिव अमित सिंजदल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
संस्थान के विधार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई रंगारंग प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुये दीपेंद्र ने कहा कि वे इस बात से खुश हैं कि यह संस्थान मर्यादाओं में रहते हुये विधार्थियों को न केवल प्राचीन संस्कार दे रहा है बल्कि आधुनिक समाज से भी रूबरू करवा रहा है। युवाओं को देश का भविष्य बताते हुये दीपेंद्र ने कहा कि आज के युवाओं को एनर्जी और सही दिशा देने की जरूरत है। इस संस्थान की तरह अगर तमाम संस्थानों में युवाओं को यह शिक्षा दी गई तो नि:संदेह आने वाले समय में हरियाणा के युवाओं का डंका दुनियाभर में बजेगा। उन्होंने श्रीराम संस्थान को आने वाले समय में हरियाणा का सबसे बढिय़ा संस्थान बनने का भी भरोसा जताया। युवाओं का ही एक और अहम मुद्दा उठाते हुये उन्होंने खुलासा किया कि वे अपनी पार्टी के मंच पर भी और लोकसभा में भी युवाओं के लिये आवाज उठाते रहे हैं। देश के वित्त मंत्री से आग्रह करते हुये सांसद ने कहा कि वे चाहते हैं कि जब देश का वार्षिक बजट पेश हो तो उसमें इस बात का खुलासा किया जाये कि देश में एक महीने में रोजगार के कितने नये अवसर पैदा किए जाएंगे और एक वर्ष में कितने। उन्होंने कहा कि जिस तरह से देश की विकास दर, प्रतिव्यक्ति आय सहित तमाम उपलब्धियों की गिनती होती है, उसी तरह से रोजगार पर भी चर्चा होनी चाहिये। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन को आधुनिक भारत का मंदिर बताते हुये उन्होंने विधार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान युवाओं की उर्जा को सही दिशा में लेकर जाने की कोशिश कर रहा है। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद तथा शैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विधार्थियों को सम्मानित किया।
समारोह में दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशल ने कहा कि शिक्षण संस्थान प्राचीन परंपराओं की यादों को ताजा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के संस्थानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जो उद्यम किया है, वह सराहनीय है। दीपेंद्र को युवाओं के प्रतिनिधित्व पर बधाई देते हुये कौशल ने कहा कि वे दुनिया के उन बारह यंगस्टार्स में शामिल हैं, जिन्हें दुनियाभर के 65 देशों में हुये सर्वे में चुना गया है। विश्व आॢथक मंच ने 65 देशों के अपने सर्वे में भारत के विभिन्न क्षेत्रों के 5000 युवाओं को शामिल किया था। इनमें से चुने गये 12 भारतीयों में एक दीपेंद्र भी हैं। कौशल ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर टिका है, ऐसे में युवाओं और उनके अभिभावकों को भी चाहिये कि वे वर्तमान दौर के हिसाब से ही शिक्षा हासिल करें। उन्होंने कहा कि सरकार को भी ऐसे प्रयास करने चाहिएं कि नौकरी के अलावा युवा पढ़ाई के बाद अपना खुद का काम शुरू कर सकें। चीन का उदाहरण देते हुये उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे इस देश से शिक्षा लें। आज चीन ऐसा देश है, जो अपने उत्पाद दुनियाभर में बेचता है।

No comments:

Post a Comment