Thursday, June 2, 2011

साठी धान लगाने को लेकर लामबंद हुए किसान


इन्द्री 2 जून सुरेश अनेजा                                    
बाढ़ की तबाही झेल रहे यमुना नदी क्षेत्र के लोग अब साठी धान लगाने के मुद्दे पर एकजुट होने लगे हैं। इस क्षेत्र के लोग सरकार और प्रशासन से बाढ़ प्रभावित यमुना नदी के क्षेत्र में साठी धान  लगाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन अभी तक किसानों की यह मांग सिरे नहीं चढ़ पा रही है। इस मांग को लेकर किसान मुख्यमंत्री के बेटे दीपेंद्र हुड्डा से भी मिल कर उनके सामने अपनी बात रख चुके हैं। यहां तक कि किसान करनाल की उपायुक्त नीलम प्रदीप कासनी से मिलकर साठी धान लगाने की मांग कर चुके हैं। उपायुक्त ने तो किसानों से साफ तौर पर कह दिया है कि पूरे जिले में किसानों के लिए एक ही तरह का कानून है। वे किसी भी विशेष क्षेत्र में साठी धान लगाने की पक्षधर नहीं हैं। यदि किसी किसान ने साठी धान लगाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ  कारवाई की जायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने किसानों की मांग को देखते हुए उन्होंने सरकार को पत्र भी लिखा था लेकिन अभी तक उनके पत्र का लिखित जवाब नहीं आया है। इस मामले को लेकर गत दिवस इन्द्री के गांव गढ़ी बीरबल में दो दर्जन से अधिक किसानों की बैठक हुई जिसमें काफ ी संख्या में किसान इकट्ठे होकर साठी धान लगाने के लिए लामबंद हुए। किसानों ने बाढ़ संघर्ष समिति का गठन कर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने का बीड़ा भी उठाया। इस समिति का  प्रधान जसमेर सिंह को तथा रामप्रसाद ढांडा को उपप्रधान बनाया गया। किसानों का कहना है कि पिछले कई सालों से यमुनानदी में आई बाढ़ से किसानों की हजारों एकड़ फ सल को भारी नुकसान हुआ है। लेकिन मुआवजे के नाम पर उन्हें आज तक कुछ नहीं मिला है। जिस कारण अब वे अर्थिक रूप से टूट चुके हैं। ऐसे में साठी धान लगाने से ही उनका कुछ विकास हो सकता है। क्योंकि यह फ सल बारिश का मौसम आने से पहले ही पककर तैयार हो जाती है। जिसको किसान आसानी से काट लेता है। किसानों का कहना है कि प्रशासन ने भूमिगत जल की कमी को देखते हुए साठी धान पर प्रतिबंध लगा रखा है जोकि अच्छी बात है लेकिन यमुना नदी क्षेत्र में पानी की कोई कमी नहीं है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए साठी धान उनके लिए फ ायदेमंद साबित हो सकती है। अगर प्रशासन ने उन्हें साठी धान लगाने से रोका तो वे इसके लिए आंदोलन करने को भी तैयार हैं। इस अवसर पर जरनैल सिंह मढाण,जगमाल सरपंच,जहीर अब्बास,सरपंच राजेश,बलबीर नबंरदार,पंचायत समिति सदस्य जोगिंद्र सिंह,राजपाल नंबरदार,भीम,सतपाल,रविदास शर्मा,राकेश कुमार,पवन कुमार आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment