Saturday, June 11, 2011

मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज सिरसा में करीब आधा दर्जन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया


सिरसा।
प्रमोद रिसालिया,
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज सिरसा में करीब आधा दर्जन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। एक दिवसीय तुफानी दौरे के दौरान सीएम ने गांव पंजुआना में  लगभग 71 करोड़ 23 लाख रूपए की लागत से बनने वाले नहरी पानी आधारित जलघर की आधारशिला रखी, तत्पश्चात हुड्डा ने सांगवान चौक पर गुरु गोविंद सिंह मार्ग और अरोडवंश व अग्रवाल धर्मशाला का शिलान्यास भी किया। विभिन्न स्थानों में संबोधन के दौरान हुड्डा आज इनेलो द्वारा किए गए सिरसा बंद की कडी निंदा की।  गांव पंजुआना में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि सिरसा में विकास के कार्य बन्द नहीं होंगे। विकास का विरोध करने वालों को जनता ने पहचान लिया है।

 जनता ऐसे लोगो का साथ नहीं देगी। उन्होंने विकास कार्यो पर खर्च राशि का ब्यौरा देते हुए कहा कि इनेलो के शासन में जिला में 799 करोड़ रूपये खर्च किए गए जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक 2486 करोड़ रूपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके अलावा 1 हजार करोड़ रूपये से अधिक की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। उन्होंने इनेलो पर प्रहार करते हुए कहा कि उन लोगों ने स्वयं का विकास किया लेकिन जनता व प्रदेश के विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया। ऐसे लोग विकास विरोधी है जनता को ऐसे लोगो को सबक सिखाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने उन्हे दोबारा से सेवा करने का मौका दिया है। उनका प्रयास है कि जनता से किए वायदों को पूरा किया जाए। वे प्रदेश के विकास और जनता से किए वायदों को हर कीमत पर पूरा करेगें। मुख्यमंत्री ने कहा कि रानियां हल्के के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए सांसद अशोक तंवर व रणजीत सिंह जो भी मांग रखेंगे उसे अवश्य पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आज लगभग 150 करोड़ रूपये से अधिक की परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया, जिसमें पशुओं के पौली क्लीनिक, राजकीय माडल संस्कृति स्कूल, अरोड़वंश धर्मशाला, अग्रवाल धर्मशाला, सरदूलगढ से ऐलनाबाद तक फोर लाईन सडक शामिल है। इस अवसर पर सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव डा. अशोक तंवर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने आज जिला को करोड़ों रूपए की सौगात देकर मान बढ़ाया है। इस मौके पर गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा, कृषि मंत्री परमवीर सिंह, संसदीय सचिव प्रह्लाद सिंह गिलाखेडा सहित अनेक नेता व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment