Thursday, June 2, 2011

योग शिविर के माध्यम से बच्चों का किया जा रहा है चरित्र-निर्माण


करनाल विजय काम्बोज
स्थानीय सेक्टर-7 स्थित दिव्य योग मंदिर में बच्चों के लिये आयोजित विशेष योग शिविर में बच्चों को आसन, यौगिक क्रियाएं सिखाने के साथ-साथ उनका चरित्र-निर्माण भी किया जा रहा है। यह योग शिविर 25 मई को लगाया गया था जो 5 जून तक चलेगा। शिविर में प्रतिदिन 150 से 200 बच्चे भाग ले रहे हैं। 
दिव्य योग मंदिर की प्रभारी डाक्टर दमयंती शर्मा के अनुसार योग पद्धति भारत की प्राचीन पद्धति है तथा योग हर घर में किया जाना चाहिये। योग से आदमी स्वस्थ रहने के साथ-साथ तनावमुक्त व बीमारियों से दूर रहता है। बच्चों को बचपन से ही योग शिक्षा दी जानी चाहिये ताकि वे बड़े होकर एक अच्छे समाज व देश का निर्माण कर सके। 
डाक्टर दमयंती ने बताया कि आयोजित योग शिविर में बच्चों को प्रतिदिन योगाचार्यो द्वारा सुबह 8 से 9 बजे तक नि:शुल्क यौगिक क्रियाएं करवाई जाती हैं। इनमें कद लम्बा होने के आसन, मोटापा घटाने, कमजोरी से सेहतमंद होने, चश्मा उतरवाने, भूख लगने, पेट दर्द से राहत तथा मानसिक एकाग्रता बढ़ाने के आसन करवाये जाते हैं। योगाचार्यो में विजय कुमार ढींगरा, भूषण गोयल, कुमारी अंजु सचदेवा, कुमारी छवि मित्तल तथा कृष्णलाल कत्याल शामिल हैं।
डाक्टर दमयंती ने बताया कि विशेष योग शिविर के अतिरिक्त दिव्य योग मंदिर में प्रतिदिन यौगिक क्रियाएं करवाई जाती हैं और इनमें करीब 300 से 400 महिला व पुरूष भाग लेते हैं। इसके अंतर्गत प्राणायाम, आसन करवाने के साथ-साथ उचित खानपान बारे जानकारी, सरवाईकल व कमर दर्द से मुक्ति, घुटने व कंधों के दर्द से राहत, टांगों में दर्द, डिस्क की समस्या, मोटापा को घटाने, मधुमेह से छुटकारा, नजला, जुखाम, खांसी से राहत, पीठ दर्द, मानसिक रोग तथा जोड़ों के दर्दो से बचाव, पेट गैस व अम्लपित से राहत तथा उच्च रक्तचाप से छुटकारा लेने के लिये योग सिखाएं जाते हैं। उन्होंने बताया कि महिला व पुरूषों के लिये सुबह शाम 4 कक्षाएं लगाई जाती है। उन्होंने यह भी बताया है कि योग शिविर में आकर कोई भी व्यक्ति लाभ उठा सकता है। 

No comments:

Post a Comment