Thursday, June 2, 2011

घर से भागने वाले जोड़ों को दी जायेगी उपयुक्त सुरक्षा:कासनी


करनाल विजय काम्बोज
उच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना में घर से भागने वाले जोड़ों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए आज यहां उपायुक्त नीलम प्रदीप.कासनी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक राकेश आर्य, उपमण्डलाधीश असन्ध आर.के.सिंह, करनाल के उपमण्डलाधीश मुकुल कुमार व इन्द्री के उपमण्डलाधीश दिनेश यादव, डी.डी.पी.ओ सी.एस.दलाल,डी.एस.पी. मुख्यालय सुरेन्द्र भोरिया, डी.आई.पी.आर.ओ तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी बलजीत सिंह ने भाग लिया।  
बैठक में रनवे कप्पल यानि घर से भागे हुए जोड़ो के लिए उपयुक्त सुरक्षा प्रदान करने पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने सुझाव दिया कि स्थानीय महिला आश्रम परिसर में उपलब्ध रहने की जगह तथा रैड क्रास भवन में ऐसे जोड़ो के लिए उचित प्रबन्ध किए जा सकते हैं। इसी प्रकार 10 दिन तक खाना निशुल्क उपलब्ध करवाने के बाद ऐसे जोड़ो से 100 रूपए प्रति जोड़ा भोजन के खर्चे से अलग फुटकर खर्चे के लिए लिया जा सकता है।  पुलिस अधीक्षक ने सुझाव दिया कि ऐसे जोड़ो के लिए उचित काऊसलिंग की व्यवस्था भी होनी चाहिए। 
उपायुक्त ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में इन सुझावों पर विचार-विमर्श किया जाएगा और यथा उचित प्रबन्ध किए जाऐंगे। स्मरण रहे कि उच्च न्यायालय के आदेशो से रनवे कप्पल के लिए स्थानीय पुलिस लाईन में स्थित फ्लैट नम्बर 38 में सुरक्षण प्रदान किया गया है और यहां इस तरह के पांच जोड़े रह रहे हैं। जैसाकि निर्देश है कि इनके लिए 10 दिन का भोजन निशुल्क उपलब्ध करवाया जाता है। इसके बाद शैल्टर होम में रह रहे जोड़े को अपनी व्यवस्था करनी चाहिए। आज की बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि उपरोक्त महिला आश्रम व रैड क्रास में रनवे कप्पल की ठहरने की व्यवस्था यदि हो जाती है तो उनके 10 दिन के खाने के बाद आगे के खाने के लिए बाहर से टिफन मंगवाने की व्यवस्था कप्पल की ओर से की जा सकती है। 
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि रनवे कप्पल को सुरक्षा प्रदान करने के लिए उच्च न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा और सब कुछ कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक होगा। 



विजेता प्रतिभागियों को किया उपायुक्त ने सम्मानित
करनाल विजय काम्बोज
उपायुक्त नीलम प्रदीप कासनी ने प्राकृतिक प्रकोप जागरूकता विषय पर बाल भवन द्वारा आयोजित चित्रकला व निबन्ध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उन्हें बधाई दी।
हरियाणा बाल कल्याण परिषद द्वारा प्रत्येक जिले में स्कूलों के विद्यार्थियों को प्राकृतिक घटनाओं के बारे में जागरूक करने के लिए 31 मई को एकदिवसीय चित्रकला व निबन्ध लेखन प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों के 150 बच्चों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में गुजंन ने निबन्ध प्रतियोगिता में प्रथम, प्रिया ने द्वितीय व सीमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में सुदीक्षा विज ने प्रथम, मानन पहवा ने द्वितीय स्थान व ललीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उपायुक्त ने अपने कार्यालय में इन प्रतिभागीयों को क्रमश: 2000, 1500, 1000 रूपये के चैक पुरस्कार के रूप में वितरित किये तथा इन्हें इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट स्थान प्राप्तकरने पर बधाई दी।
इस अवसर पर जिला बाल कल्याण अधिकारी अमरनाथ नरवाल, शीशपाल माहला आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment