करनाल, विजय काम्बोज
कंबोपुरा गांव के पूर्व सरपंच कर्म सिंह की हत्या का मामला पेचीदा होता जा रहा है। पूर्व सरपंच के परिजनों ने न्याय न मिलने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है, तो सेन समाज ने संघर्ष करने का एलान किया है। सेन समाज ने कर्म सिंह और चमेल सिंह के परिजनों को एक-एक सरकारी नौकरी व 25-25 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग उठाई, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार करते हुए कहा कि उन्हें नौकरी और मुआवजे के बजाय हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
कल कंबोपुरा में पूर्व सरपंच कर्म सिंह की शोकसभा में सेन समाज के लोगों ने भागीदारी कर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया, तो साथ ही न्याय की आवाज बुलंद की। शोकसभा में कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भी भागीदारी की। पूर्व सरपंच कर्म ङ्क्षसह के बेटे राजेंद्र ने कहा कि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो पूरा परिवार आत्मदाह कर लेगा। मुआवजा और नौकरी की बात को टालते उन्होंने कहा कि उन्हें केवल न्याय चाहिए। शोकसभा में आए सेन समाज के लोगों ने दोनों परिवार के लोगों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा तथा एक-एक सरकारी नौकरी की माग उठाई।
शोकसभा में प्रदेश से सेन समाज के लोग आए थे। जिले में शोक स्वरूप सेन समाज के लोगों ने दुकानें भी बंद रखीं। शोकसभा के दौरान उमड़ी भावनाओं के मद्देनजर पुलिस का पहरा भी सख्त रहा। गांव के हर चौराहे पर पुलिसकर्मी तैनात थे और आला अधिकारियों की नजर भी शोकसभा पर टिकी हुई थी। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार आर्य ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी।
कुछ दिन पहले कंबोपुरा गाव के पूर्व सरपंच कर्म सिंह की हत्या कर दी गई थी, जबकि उनकी हत्या के मामले में मुख्य गवाह उसके ममेरे भाई चमेल सिंह की हत्या हुई। कर्म सिंह की हत्या के मामले में प्रदेश के पूर्व मंत्री और पूर्व सीपीएस का नाम उछलने से सरकार ने दोनों का इस्तीफा ले लिया था। अब कर्म सिंह हत्याकांड की जांच राज्य अपराध शाखा को सौंपी हुई, जबकि चमेल की हत्या की जांच सीबीआई से कराने परिजनों ने सरकार को पत्र भेजा है। चमेल सिंह ने अपने पुत्र को नौकरी लगाने के लिए साढ़े चार लाख रुपए पूर्व सरपंच कर्म सिंह को दिए थे, जबकि कर्म सिंह ने तीन नौकरी लगवाने के नाम पर पूर्व मंत्री और पूर्व सीपीएस को रुपये देने की शिकायत अधिकारियों को की थी। राज्य अपराध शाखा इस मामले में कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अभी तक कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
सेन समाज के पदाधिकारी आजाद सिंह, कलावती, राजेंद्र तंवर आदि ने कर्म सिंह की शोक सभा में ऐलान किया है कि न्याय नहीं मिलने पर दिल्ली के जंतर-मंतर और प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आंदोलन करेंगे।
No comments:
Post a Comment