Friday, June 17, 2011

सीनियर सिटीजन के कार्य को मानवता के आधार पर प्राथमिकता से करें।एम.के. पांडूरंग




करनाल विजय काम्बोज 
अतिरिक्त उपायुक्त एम.के. पांडूरंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले के सीनियर सिटीजन के कार्य को मानवता के आधार पर प्राथमिकता से करें। अतिरिक्त उपायुक्त ने अपने कार्यालय में जिला के सीनियर सिटीजन कमेटी की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सीनियर सिटीजन द्वारा बैठक में रखी गई समस्याओं की समीक्षा की। सीनियर सिटीजन की मांग थी कि सम्पदा अधिकारी कार्यालय में बिल भरने के लिए वरिष्ठ नागरिक के लिए अलग से व्यवस्था की जाए। इस पर विभाग के कार्यकारी अभियन्ता वाई.एम.मेहरा ने बताया कि एक महीने के अन्दर-अन्दर इस समस्या को हल कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजन की समस्या को देखते हुए शीघ्र ही चैक सिस्टम लेने की योजना है। इससे किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। इस बैठक में सीनियर सिटीजन ने सामान्य अस्पताल में ओ.पी.डी के लिए अलग रंग का स्वास्थ्य जांच कार्ड बनाने की मांग रखी। इस पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी संजीव ग्रोवर ने बताया कि इसके लिए हर सम्भव प्रयास किए जाएंगे और उन्होंने आश्वासन दिलाया कि सामान्य अस्पताल में किसी भी सीनियर सिटीजन को स्वास्थ्य की जांच के लिए दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। बैठक में सब्जी मण्डी व सैक्टरों में सफाई व्यवस्था दुरस्त रखने की मांग रखी गई। इस पर सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पहले ही शहर में सफाई व्यवस्था की जा रही है फिर भी कहीं पर कमी है तो उसको पूरा किया जाएगा। बैठक में सैक्टर-13 व सैक्टर 7 की टूटी सडक़ों को बनवाना तथा सडक़ों पर पानी की निकासी दुरस्त करने की मांग रखी। इस पर कार्यकारी अभियन्ता ने आश्वासन दिलाया कि बारिश के मौसम के बाद सभी सडक़ों को ठीक कर दिया जाएगा। शहर में भीड़ के स्थान पर रेहडिय़ों को हटवाने की मांग पर नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी सतबीर अहलावत ने कहा कि समय-समय पर विभाग के कर्मचारियों द्वारा  रेहडिय़ों को हटवाया जाता है। उनके सामान को उठाया जाता है तथा उनके चालान भी काटे जाते हैं। बैठक में सीनियर सिटीजन को घर पर गैस सिलण्डर की आपूर्ति करने की मांग पर जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक रविन्द्र मलिक ने कहा कि वैसे तो अधिकतर उपभोक्ताओं को सिलण्डर की होम डिलीवरी है। यदि सीनियर सिटीजन को कोई दिक्कत है तो वे ऐसे उपभोक्ताओं की सूची बना कर उन्हें दे दे ताकि समयानुसार उनके घर पर सिलण्डर भेजे जा सके। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सरिता भण्डारी, कमेटी के सदस्य सचिव एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी बलजीत सिंह, सदस्य लाजपत राय चौधरी, डा0 पी.सी.गुप्ता, डा0 वीना आर्य, एव.जी.खुराना, सम्पदा अधिकारी केवल कृष्ण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।    

No comments:

Post a Comment