Wednesday, June 8, 2011

उपायुक्त ने किया रेलवे रोड सुधार कार्यों का निरीक्षण


करनाल विजय काम्बोज
नगर निगम की आयुक्त एवं उपायुक्त श्रीमती नीलम प्रदीप कासनी ने आज सांय हाल ही मे किए गए शहर के प्रसिद्ध मार्ग रेलवे रोड की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के कार्य का निरीक्षण किया और मरम्मत कार्य में प्रयुक्त सामग्री की जांच के लिए नमूने भरवाए। उपायुक्त के साथ नगरनिगम के कार्यकारी अधिकारी सतबीर अहलावत, कार्यकारी अभियन्ता रमेश मढाण तथा कार्य के ठेकेदार सुरेन्द्र मेहता भी मौके पर थे। 
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रेलवे रोड पर स्थित रामगढिय़ा चौंक से निरीक्षण  शुरू किया और वहां से दो नमूने भरवाए। इसके बाद एस.डी.सीनियर सकैन्ड्री स्कूल के सामने से भी नमूने भरवाए गए।  उपायुक्त की इस कार्यवाही से सडक़ पर आने-जाने वाले लोग कौतुहलवश जानने की कोशिश कर रहे थे कि सडक़ पर क्या हो रहा है। कुछ लोग यह भी कहते सुने गए कि इस तरह के निरीक्षण और उसमें सामग्री की जांच अवश्य होनी चाहिए। निर्माण इंजीनियरों ने बताया कि रेलवे रोड की हालत लम्बे समय से खस्ते हाल थी। उपायुक्त ने रूचि लेकर निगम के खर्चे से इसकी मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। परिणामस्वरूप 10 दिनों की अवधि के दौरान इसकी मरम्मत की गई। दो किलोमीटर लम्बे इस मार्ग पर चौबीसों घण्टे  आवागमन रहता है। इस कारण यह अति व्यस्त मार्ग माना जाता है। इसकी मरम्मत पर करीब एक करोड़ रूपए की लागत आई है। 
उपायुक्त की उपस्थिति में नमूने भर रहे कर्मचारियों ने मरम्मत हुई सडक़ के एक छोटे से आयताकार को काटकर उसमें से करीब तीन ईंच गहरे से नमूने भरे। ज्ञात रहे कि सुदृढ़ीकरण कार्य में इस मार्ग पर नीचे तारकौल व रोड़ी का मिश्रण तथा उसके ऊपर कारपैटिंग बिछाई गई है। जिससे सडक़ मरम्मत होने के बाद वाहनों के चलने योग्य हो गई। बतौर उपायुक्त इस कार्य के बाद रेलवे रोड की सैन्ट्रल वर्ज अथवा डिवाइडर को पेंट कर तथा इसमें पौधे लगाकर  इसका सौन्दर्यकरण किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस सडक़ के दोनो और स्थित बर्मज को पक्का कर साईकलों के आवागमन के योग्य बनाया जाएगा। 
उपायुक्त के अनुसार लिए गए नमूनों की सामग्री को प्रयोगशाला में टैस्ट किया जाएगा और उसके बाद ही इसकी गुणवता आंकी जाएगी।  

No comments:

Post a Comment