Monday, June 13, 2011

शहीद सोमनाथ पार्क व स्टेडियम निर्माण का काम शुरू


इन्द्री, विजय काम्बोज
 उपमण्डल के गांव खेड़ा में 54 कनाल भूमि पर डबवाली अग्रिकांड में बच्चों को बचाते हुए शहीद हुए वहां के तत्कालीन उपमण्डलाधीश सोमनाथ के नाम पर पार्क व स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पंचायत ने जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त करवाकर महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत जमीन को ठीक करवाने का काम शुरू कर दिया है। इन्द्री खण्ड के पहले एचसीएस अधिकारी शहीद सोमनाथ की स्मृतियों को पार्क व स्टेडियम निर्माण द्वारा चिरस्थाई बनाने का ग्रामीणों में जज्बा देखते ही बनता है।
गांव की सरपंच सुखवंत कौर ने बताया कि शहीद सोमनाथ गांव खेड़ा के रहने वाले थे। वे क्षेत्र के पहले एचसीएस अधिकारी बने। 23 दिसम्बर 1995 को हुए देश के भीषणतम डबवाली अग्रिकांड में बच्चों को बचाते हुए वहां के तत्कालीन एसडीएम सोमनाथ व उनकी पत्नी कमलेश ने शहादत दी थी। हरियाणा सरकार ने भी उन्हें शहीद का दर्जा दे रखा है। लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा उनकी स्मृतियों को चिरस्थाई बनाने के लिए की गई घोषणाएं आज तक पूरी नहीं हो पायी। लेकिन शहीद सोमनाथ स्मारक समिति और खेड़ा गांव की पंचायत व लोगों ने शहीद सोमनाथ के जीवन मूल्यों व स्मृतियों को चिरस्थाई बनाने का बीड़ा लिया है। समिति द्वारा सोमनाथ के शहीदी दिवस पर 23 दिसम्बर 2010 पर गांव में आयोजित समारोह में ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत कर रहे बीडीपीओ दिलबाग हुड्डा के सामने शहीद के नाम पर पंचायत ने गांव में पार्क व स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव रखा था जिस पर मुख्य अतिथि ने पूरे सहयोग का आश्वासन दिया था।
सरपंच ने बताया कि पार्क व स्टेडियम के निर्माण के प्रस्तावित जमीन पर लोगों ने कुरडिय़ां डाल रखी थी। लेकिन शहीद सोमनाथ के प्रति ग्रामीणों के सम्मानभाव के कारण पंचायत के आह्वान पर लोगों ने पंचायती जमीन पर कब्जा छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जमीन के बड़े हिस्से पर गंदा पानी इक_ा होता है। पंचायत ने गंदे पानी की निकासी के लिए नाला बनाने का प्रस्ताव रखा है जिस पर लगभग आठ लाख रूपये खर्च आएगा। इसके लिए पंचायत व समिति के कार्यकर्ता जल्द ही उपायुक्त नीलम प्रदीप कासनी व उपमण्डलाधीश दिनेश यादव से मिल कर इस शहीद की याद में बनने वाली इस परियोजना में मदद की अपील करेंगे।  सरपंच ने कहा कि जमीन को पार्क व स्टेडियम के लिए तैयार करने के लिए मनरेगा के तहत काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से गांव खेड़ा ही नहीं बल्कि आस-पास के गांवों के युवाओं को भी लाभ होगा। इस मौके पर सरपंच के पति सुखदेव सिंह, समिति के सलाहकार महिन्द्र कुमार, पंच रामकिशन, ईश्वर सैनी, अमृत लाल, गुरनाम सिंह, रामजी लाल, राम कुमार आदि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment