Friday, June 3, 2011

सीनियर सिटीजन को समाज को नई दिशा देने के लिये आगे आना चाहिये:नीलम प्रदीप कासनी:


करनाल 3 जून,सुरेश अनेजा 
उपायुक्त श्रीमती नीलम प्रदीप कासनी ने कहा सीनियर सिटीजन को समाज को नई दिशा देने के लिये आगे आना चाहिये। सीनियर सिटीजन अपने अनुभव के माध्यम से विकास कार्यो में बढ़ावा दे सकते हैं इनके लिये हरियाणा सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिक नेटवर्किंग व क्लबों की स्थापना की है। 



उपायुक्त आज स्थानीय सेक्टर 13 के सामुदायिक केन्द्र में स्थित डे केयर सेन्टर में सीनियर सिटीजन की बैठक को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा सीनियर सिटीजन से समाज को बहुत आशाएं हैं उन्हें चाहिये कि वे समाज की आशाओं पर खरा उतरने के लिये अपने अनुभव व कीमती समय में से कुछ समय समाज के लिये लगाएं। उन्होंने कहा सीनियर सिटीजन नेटवर्किंग की गवर्निंगबॉडी बनाई गई है। इसके सदस्य सरकारी कार्यालयों में जाकर वहां हो रहे कार्यो की जांच कर सकते हैं और जहां पर कमी पाई जाती है तो उसके लिये प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर या लिखकर समस्याओं का समाधान करवा सकते हैं। ऐसे स्वयंसेवकों को हरियाणा सरकार द्वारा कर्मयोगी नाम दिया  गया है। इन कर्मयोगियों को एक विशेष जाकेट दी जायेगी। इस जाकेट के पीछे कर्मयोगी लिखा होगा जब ये किसी कार्यालय में जाकेट पहनकर जायेंगे तो अधिकारियों द्वारा इनकी बातों को प्राथमिकता से सुना जायेगा। इसके लिये सरकार द्वारा एक लाख रुपये का बजट का प्रावधान भी किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि सीनियर सिटीजन के मनोरंजन के लिये सरकार द्वारा क्लब बनाएं गये हैं। इन क्लबों में खेलने का सामान और म्यूजिक सिस्टम, टेलीविजन आदि दिये जायेंगे, जिसके लिये सरकार द्वारा एक लाख रुपये का बजट भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस क्लब का स्थायी कार्यालय सेक्टर 32 में खोला जायेगा, अस्थायी रूप से यह कार्यालय यहीं पर रहेगा। 
आज की बैठक में उपायुक्त की अध्यक्षता में गवर्निंगबॉडी व क्लब के सदस्य तथा पदाधिकारी बनाए गये। गवर्निंगबॉडी में एस.के.शर्मा महासचिव बनाया गया व श्री भोला राम, कलीराम, एस.बी.एस. शर्मा, आर.के.कोहली, रश्मि मान, सतनाम कौर मक्कड़, बालकिशन अरोड़ा व एस.बी.अरोड़ा को सदस्य बनाया गया है। इसी प्रकार क्लब में सुभाष नंदवानी को सचिव, एस.डी.अरोड़ा को कोषाध्यक्ष व राज गोपाल, हरीशचंद, मदन मोहन अरोड़ा, आर.बी.जैन, कुलदीप अरोड़ा, के.एल.भोला, के.एल.चुघ, सुभाष नंदवानी को क्लब का सदस्य बनाया गया है। इस क्लब में उपायुक्त अध्यक्ष होंगे। अतिरिक्त उपायुक्त व उपमंडलाधीश सदस्य तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। इस क्लब में स्वयंसेवी सदस्य बनाने के लिये 50 रुपये वार्षिक चंदा लेने का प्रावधान सर्वसम्मति से रखा गया है। समाजसेवी जे.आर.कालड़ा ने आज की बैठक में उपस्थित सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।
==============================================================================
उपायुक्त ने स्वयं किये जा रहे सुधारीकरण कार्यो का भ्रमण कर जायजा लिया


करनाल 3 जून, मानसून के दौरान शहर को जल भराव की स्थिति से बचाने के लिये उपायुक्त श्रीमती नीलम प्रदीप कासनी के प्रयासो से जन-स्वास्थ्य विभाग तथा नगर निगम द्वारा जोर-शोर से उपाय किये जा रहे हैं। आज दूसरी बार उपायुक्त ने स्वयं किये जा रहे सुधारीकरण कार्यो का भ्रमण कर जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे मानसून के आगमन से पूर्व हर हालत में काम को पूरा करें। स्मरण रहे कि इन कार्यो के लिये 5 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि सरकार की ओर से स्वीकृत की गई है जो करनाल शहर के रामनगर क्षेत्र से लेकर जनकपुरी व चांद सराय से होते हुए, प्रीतम नगर और बाईपास पार करके इसके आगे तक जा रहे नाले की सफाई व इसके सुदृढीकरण इत्यादि कार्यो पर खर्च की जा रही है।  
उपायुक्त ने प्रात: बाईपास के निकट स्थित गंदे पानी की निकासी अथवा डिस्पोजल पम्पघर का निरीक्षण किया और वहां एकत्र होने वाले गंदे पानी की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर उपस्थित जन-स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए इस पम्पघर में दो अतिरिक्त पम्प लगाए जा रहे हैं ताकि बरसाती पानी से नाले के जरिए डिस्पोजल तक आने वाले अतिरिक्त पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके। उपायुक्त ने इसके पश्चात ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र के निकट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया और फिर प्रीतम नगर में  निर्माणाधीन नाले में बनाए जा रहे बड़े व गहरे मेन होल देखें। उन्होंने जाटो गेट के पास से गुजर रहे इसी नाले के सुधारीकरण के लिये नाले की दीवार बनाने के निर्देश जन-स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियरों को दिये क्योंकि इस क्षेत्र में नाले के टूटने से आसपास के क्षेत्र में जल भराव बना हुआ है। उन्होंने इसके बाद चांद सराय क्षेत्र में जाकर नाले की की जा रही सफाई की प्रगति को देखा। उन्होंने जन-स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कहा कि वे इस कार्य में तेजी लाएं।
श्रीमती कासनी ने इसी नाले के पश्चिमी भाग के जनकपुरी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया । उन्होंने इस क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कालोनियों पर नाराजगी जताई और जिला नगर योजनाकार को मौके पर ही फोन करके निर्देश दिये कि वे इस क्षेत्र की वीडियोग्राफी करवाए और अवैध निर्माण को हटवायें।  
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि बरसात का मौसम नजदीक है। बरसात के कारण शहर में पानी न खड़ा हो इसके पुख्ता इंतजाम पहले ही होने चाहिये यदि ऐसा नहीं होता तो जवाबदेही संबंधित विभाग के अधिकारियों की होगी। 

No comments:

Post a Comment