नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दिल्ली व एनसीआर में हेरोइन की तस्करी करने वाले नाइजीरियन गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिमोन ओ. उमुकोको (33) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से छह किलो हेरोइन बरामद किया है। इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में छह करोड़ है। सिमोन पहली बार बिजनेस वीजा पर वर्ष 2008 में भारत आया था। आरोपी नाइजीरिया के एक नामी फुटबाल क्लब का खिलाड़ी भी रह चुका है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) अशोक चांद ने बताया कि इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को सूचना मिली कि नवादा इलाके में रहने वाला नाइजीरियन मूल का एक नागरिक हेरोइन की तस्करी कर रहा है। वह सात अप्रैल को हेरोइन की आपूर्ति करने पीतमपुरा इलाके में आने वाला है। इसकी जानकारी के बाद अतिरिक्त उपायुक्त संजय भाटिया के नेतृत्व में पुलिस ने सिमोन ओ. उमुकोको (33) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से छह किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2008 में एक महीने के बिजनेस वीजा पर भारत आया था। इसके बाद सिमोन काठमांडू चला गया। वहां से वह जनवरी 2010 में भारत वापस आया और फ्राइडे नामक नाइजीरिनय के साथ उत्तम नगर के नवादा इलाके में रहने लगा। आरोपी के मुताबिक, वह फ्राइडे द्वारा बताए गए व्यक्ति के पास हेरोइन की आपूर्ति करता था। उनका नेटवर्क दिल्ली व एनसीआर में फैला हुआ है। सिमोन नाइजीरिया के फ्लाईग होर्स क्लब का फुटबाल खिलाड़ी भी रह चुका है। अपराध शाखा आरोपी के साथी फ्राइडे की तलाश कर रही है।
No comments:
Post a Comment