Saturday, April 16, 2011

दो महीने से लापता नवविवाहिता घर लौटी

युमनानगर,कुलदीप सैनी 
जुब्बल गांव से 9 फरवरी को अचानक लापता हुई नवविवाहिता शनिवार को बूड़िया चौक से मिली। विवाहिता जन्म से ही मूक बधिर है। उसने आरोपी का फोटो देख उसकी पहचान की और उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। थाना रादौर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जगाधरी की विजय कालोनी निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय बेटी जन्म से ही बोल नहीं सकती। 23 जनवरी को उन्होंने उसकी शादी रादौर के जुब्बल गांव निवासी नरेंद्र सिंह के साथ की थी। 9 फरवरी को वह अपनी ननद के साथ शौच के लिए गई थी। घर लौटने पर उसकी ननद किसी काम से छत पर गई। उसने नीचे आकर देखा तो उसकी भाभी घर पर नहीं थी। इसके अलावा घर पर अन्य कोई नहीं था। उन्हें जब इस बात का पता चला तो उन्होंने थाना रादौर पुलिस में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई। एक रिपोर्ट बूडि़या चौकी में भी लिखवाई गई लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं चल सका।
शिकायत के अनुसार शनिवार सुबह अचानक लड़की घर पर लौट आई। लापता होने के बारे में जब उससे पूछा गया तो वह उन्हें बूड़िया चौक पर लेकर गई। उसने फोटो देख कर अपना अपहरण करने वाले ननदोई की पहचान की और उस पर दुष्कर्म का आरोप भी लगाया। विवाहिता ने बताया कि उसका ननदोई उसे यहां छोड़ कर गया है। लड़की का मेडिकल कराने के लिए परिजन सिविल अस्पताल जगाधरी में लेकर गए लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने उन्हें थाना रादौर में भेज दिया। रादौर थाने में पहुंचने पर परिजनों ने उन्हें सारी बात बताई।
थाना रादौर प्रभारी हरविंद्र सिंह ने बताया कि लापता नवविवाहिता व उसके परिजनों ने युवती के ननदोई पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। फिलहाल जांच की जा रही है। विवाहिता का मेडिकल कराया जाएगा, उसकी रिपोर्ट के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment