Sunday, April 17, 2011

प्रेमी संग मिल पत्नी ने पति को जलाया

रादौर ,कुलदीप सैनी 
आग में झुलसा पति इस समय पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
 गांव बाल छप्पर में पत्नी द्वारा अपने प्रेमी व परिजनों के साथ मिलकर पति को जलाने का मामला सामने आया है। आग में झुलसा पति इस समय पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पत्नी व प्रेमी सहित पांच लोगों को नामजद करते हुए उनकी तलाश में जुट गई है।
बाल छप्पर गांव निवासी जसबीर सिंह ने थाना छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ अच्छी तरह से गुजर बसर कर रहा था। लेकिन, एक दिन उसे अपनी पत्नी सुषमा के गांव के ही राजिंद्र सिंह के साथ संबंधों के बारे में पता चला। उसने कई बार सुषमा से राजिंद्र के साथ संबंध खत्म करने को कहा, लेकिन उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ। उसने इस बारे में राजिंद्र से भी बात की, लेकिन वह उसे धमकियां देने लगा।
जसबीर का आरोप है कि उसे रास्ते से हटाने के उदेश्य से पत्नी सुषमा ने अपने प्रेमी राजिंद्र, राजिंद्र की माता अंगूरी देवी, भाई राकेश व मेहमा सिंह के साथ मिलकर उस पर मिट्टी का तेल छिड़क कर उसे आग लगा दी, जिससे वह बुरी तरह से झुलस गया।
परिजनों व पड़ोसियों ने किसी तरह आग को बुझाया और उसे नजदीकी अस्पताल में लेकर गए। वहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना पाकर पुलिस भी चंडीगढ़ पहुंची। चंडीगढ़ के जेएमआईसी अमित शर्मा ने जसबीर के ब्यान दर्ज किए। मामले की जांच कर रहे थाना छप्पर के एएसआई अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

No comments:

Post a Comment