करनाल,सुरेश अनेजा
फर्नीचर मार्केट में विवादित दुकान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। किरायेदार और मालिक के बीच हुए संघर्ष के बाद दुकान को आग लगा दी गई। फायर कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर खूब ईट-पत्थर बरसाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करते हुए दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। दुकान में आग लगाने से एक महिला सहित कई लोग झुलस गए। महिला को ट्रॉमा सेंटर भर्ती कराया गया है।
फर्नीचर मार्केट स्थित गौरव फोम नामक दुकान पर कब्जे के लिए चल रहा विवाद बरकरार है। किरायेदार ज्ञान चुघ के समर्थन में आए दुकानदारों और परिजनों ने कैथल ओवरब्रिज को बृहस्पतिवार को जाम कर दिया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन देकर शांत तो कर दिया, लेकिन तनाव बरकरार रहा। किरायेदार ज्ञान चुघ ने शुक्रवार को जब दुकान खोली, तब मामला बिगड़ गया। दुकान मालिक के समर्थकों से उसकी नोकझोंक हो गई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। उसी दौरान किसी ने दुकान में आग लगा दी।
दुकान में आग लगते ही मार्केट में हड़कंप मच गया। दुकानदार भी इस मंजर को देखकर हैरान रह गए। दुकान में आग लगने से दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया, जबकि कुछ लोगों ने हथियारों से लैस होकर दहशत फैला दी।
दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंची। जिस समय पुलिस मौके पहुंची, तब वहां पथराव हो रहा था। फायर कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कुछ सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से दुकान मालिक की पत्नी कुलजीत कौर झुलस गई, जबकि किरायेदार पक्ष के कुछ लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल का इस्तेमाल किया और दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने विवादित दुकान पर ताला लगाते हुए मार्केट में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।
No comments:
Post a Comment