मुंबई
भारत की विश्व कप में खिताबी जीत के नायक बने युवराज सिंह को 18 फरवरी से दो अप्रैल तक उपमहाद्वीप में चले क्रिकेट महाकुंभ का शनिवार को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वहीं जीत के बाद सचिन तेंदुलकर ने इस उपलब्धि पर अपने टीम के साथियों को धन्यवाद देने के साथ ही इसे मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा दिन करार दिया। उत्साहित तेंदुलकर ने कहा, भारत आज का दिन मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा दिन है। इससे ज्यादा और क्या चाहिए। मैं अपने टीम के साथियों को धन्यवाद कहना चाहता हूं, जिनके बगैर मेरा सपना पूरा नहीं हो पाता। मैं अपने खुशी के आंसुओं को रोक नहीं पाया, सारे स्टाफ व सभी सहयोगियों का पूरा धन्यवाद। उन्होंने कहा, टीम के खिलाड़ी बुरे वक्त में भी एक साथ जुड़े रहे और अपने आलोचकों को जवाब दिया, जिन्हें टीम की काबिलियत पर शक था। इस टीम का एक सदस्य हो कर मैं बहुत गौरवांवित महसूस कर रहा हूं।
युवराज ने इस टूर्नामेंट से शानदार वापसी की। उन्होंने बल्ले से तो कमाल दिखाया ही गेंदबाजी में भी अपने जलवे बिखेरे। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टूर्नामेंट के नौ मैच में 90.50 की औसत से 362 रन बनाए जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने टूर्नामेंट में 15 विकेट भी लिए। वह टूर्नामेंट के चार मैच में मैन आफ द मैच भी बने थे। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को उनकी नाबाद 91 रन की पारी के लिए मैन आफ द मैच चुना गया। भारत को इस जीत से 30 लाख डालर [लगभग 14 करोड़ रुपये] जबकि उपविजेता श्रीलंका को 15 लाख डालर मिले।
युवराज ने कहा, हमारे पास बाएं हाथ का स्पिनर नहीं था और इसलिए मैंने काफी गेंदबाजी की। नरेंद्र हिरवानी [पूर्व भारतीय स्पिनर और चयन समिति के सदस्य] ने मेरी बहुत मदद की। फाइनल के बारे में उन्होंने कहा, पिछली बार [2003 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ] हम 358 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे थे लेकिन आज हमने अच्छा क्षेत्ररक्षण किया और कई रन बनाए। हम चैंपियन की तरह खेले। वहीं जीत की बुनियाद रखने वाले गौतम गंभीर ने कहा कि सारा श्रेय सचिन को जाता है। हमने सचिन के लिए खेला। पहले ऑस्ट्रेलिया फिर पाकिस्तान और अब विश्व कप खिताब, हमारा सपना पूरा हो गया। विराट कोहली ने कहा, यह ट्राफी सारे देशवासियों की है। यह मेरा पहला विश्व कप है और मैं इससे ज्यादा क्या अपेक्षा करूं। विश्व कप से ज्यादा 21 विकेट लेने वाले जहीर खान ने कहा, मैं बयां नहीं कर सकता कि मैं कैसा महसूस कर रहा हूं। यह जीत खास इंसान (सचिन) के लिए है। जीत के बाद भावुक हो गए हरभजन सिंह ने कहा, मुझे लग रहा है जैसे मैंने दुनिया जीत ली हो। यह देशवासिय की जीत है। लव यू इंडिया.।

No comments:
Post a Comment