कैथल
सेहत का राज माने जाने वाला शहद भी अब मिलावटखोरों के घेरे में आ गया है। मीठे शहद की आड़ में सेहत के साथ खिलवाड़ किए जाने का आज यहां सीआईडी विभाग ने भंडाफोड़ किया है। जिसके चलते पुलिस ने शहद के 31 टिन कब्जे में ले लिए है जबकि स्वास्थ्य विभाग ने शहद के सैंपल लेकर प्रयोगशाला में भेज दिए है। जानकारी के अनुसार शहर में तैनात सीआईडी कर्मचारियों को सूचना मिल रही थी कि देवीगढ़ रोड पर मिलावटी शहद का काला कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीआईडी कर्मियों ने मामले की छानबीन कर आज उस समय पुलिस को सूचित किया जब मिलावटी शहद बेचने का एक आरोपी महेंद्र सिंह अपने घर से सप्लाई के लिए शहद के टिन गाड़ी में लोड कर रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी व्यक्ति के परिवार में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुंरत ही स्वास्थ्य विभाग के इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह तथा डाक्टर बलविंद्र सिंह को भी मौके पर बुलाया तथा उक्त अधिकारियों ने शहद के सभी टिनों में से सैंपल लिए, जिन्हें प्रयोगशाला में भेज दिया। उधर पुलिस ने गाड़ी में लोड किए गए सभी 31 टिन तथा गाड़ी को अपने कब्जे में ले कर कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा लिए गए सैंपल रिपोर्ट आने पर ही शहद में मिलावट की सही स्थिति का पता चल पाएगा, लेकिन बताया जा रहा है कि आरोपी व्यक्ति लगभग 15 वर्षो से शहद का कारोबार कर रहा है जो कि अपने शहद की सप्लाई जींद में करता था। उधर सिविल लाईन थाना प्रभारी का कहना है कि सैंपल रिपोर्ट आने पर ही पुलिस पूरी कार्रवाई करेगी।
No comments:
Post a Comment