फरीदाबाद
मुख्यमंत्री ने उद्यमियों की मांग पर फरीदाबाद में मदर यूनिट के लिए निवेश कराने का आश्वासन दिया। साथ ही विश्वास दिलाया कि अगले एक माह में फरीदाबाद की आईएमटी का शिलान्यास कर दिया जाएगा। उन्होंने उद्यमी केसी लखानी की मांग पर यह भी आश्वासन दिया कि आईएमटी में औद्योगिक प्लाटों के आवंटन में स्थानीय उद्यमियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
हुड्डा ने उद्यमियों से भ्रष्टाचार को रोकने में सहयोग मांगा और कहा कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी उनसे रिश्वत की मांग करता है तो वे उन तक शिकायत करें। ऐसे अधिकारी को निलंबित किया जाएगा। वे भी सरकार के साथ विकास कार्यो में आगे आएं। उद्यमी किसी एक गांव को गोद लेकर वहां समुचित विकास करवा सकते हैं। मुख्यमंत्री के समक्ष उद्यमियों ने मेट्रो रेल का बल्लभगढ़ तक विस्तार करने तथा बल्लभगढ़-सोहना पुल को डबल करने की भी मांग रखी।
इससे पहले लोक निर्माण मंत्री रणदीप सुरजेवाला ने घोषणा की कि दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को छह लेन करने का ठेका रिलायंस कंपनी को दिया गया है। करीब 2400 करोड़ रुपये की यह योजना अगले तीन माह में शुरू हो जाएगी। सोलह माह में योजना पर काम पूरा हो जाएगा। सुरजेवाला ने माना कि बदरपुर फ्लाईओवर का अभी पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा है। मगर, जैसे ही राजमार्ग छह लेन का होगा और फरीदाबाद से पलवल तक प्रमुख चौराहों पर पुल बन जाएंगे वैसे ही सफर सुगम हो जाएगा। कार्यक्रम में सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने भी अपने विचार रखे। फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में प्रधान सज्जन जैन, डा. एस. के. गोयल, ऋषि अग्रवाल, बी. आर. भाटिया, पी. एम. गर्ग, विजय जिंदल प्रमुख थे। कार्यक्रम में मुख्य संसदीय सचिव शारदा राठौर, विधायक आनंद कौशिक, रघुबीर तेवतिया, महापौर अशोक अरोड़ा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार प्रो.वीरेंद्र सिंह भी मौजूद थे
No comments:
Post a Comment