इन्द्री,सुरेश अनेजा
: गढ़ीजाटान, गढ़ीसाधान और पंजोखरा गांव के चौक पर शराब का ठेका खोलने के विरोध के चलते दूसरे दिन भी महिलाओं ने ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी कर ठेके के सामने धरना दिया। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि चौक पर ठेका खोला गया, तो वे सड़कों पर उतर आएंगी। थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को जिला प्रशासन या आबकारी विभाग से शिकायत करने के लिए कहा। महिलाओं ने शुक्रवार को ठेका खोलने के विरोध में ठेकेदार के कारिंदों को मौके से भगाकर ठेके पर ताल जड़ दिया था। शनिवार को गढ़ीसाधान की महिलाओं ने शराब ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ठेके के सामने धरना शुरू कर दिया। महिला मंडल प्रधान मेहर कौर, कृष्णा, बबली, प्रेमो, केशो देवी, लछमी, अंग्रेजों देवी, मीनाक्षी, जवंत्री, रामप्यारी, संतोष देवी और ज्ञानवती ने बताया कि चौक पर शराब का ठेका होने से युवा लड़के शराब की लत का शिकार हो रहे हैं। स्कूल में पढ़ने वाली लड़कियों को काफी परेशानी से गुजरना पड़ रहा है और हर समय यहां शराबी मंडराते रहते हैं। इससे आने जाने वाली औरतों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि शराब का ठेका खोला गया, तो वे ठेके में तोड़फोड़ शुरू कर देंगी और किसी कीमत पर चौंक पर ठेका खोलने नहीं देंगी।
No comments:
Post a Comment