Monday, April 11, 2011

वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने नया मास्टर प्लान

करनाल विजय कम्बोज
   वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने नया मास्टर प्लान तैयार किया है। पुलिस ने शिव कालोनी में आपरेशन क्लीन चलाकर चप्पे-चप्पे को खंगाला, तो साथ ही किराये पर रहने वाले लोगों का रिकॉर्ड भी एकत्रित किया। पुलिस की इस कार्रवाई से शरारती युवकों में खलबली मची रही, तो आम जनता ने पुलिस के अभियान की सराहना की।
एएसपी हमीद अख्तर के नेतृत्व में सोमवार सुबह छह बजे शिव कालोनी को पुलिस के सौ से अधिक जवानों ने घेर लिया। एएसपी हमीद अख्तर, डीएसपी सुरेंद्र पाल सिंह, एसएचओ गोरखपाल राणा और एसपी के रीडर सुखबीर त्यागी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की टीम कालोनी के एक सिरे से खगालते हुए आखिरी छोर तक पहुंची। इस दौरान प्रत्येक घर में छानबीन करते हुए परिवार के सदस्यों का ब्योरा लिया, तो किरायेदारों की रपट मांगी।
जिले में बढ़ रही चोरी और चेन स्नेचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने यह अभियान चलाया है। कालोनी में उन युवकों के बारे में गहनता से छानबीन की गई, जिनके पास बाइक थी या उनके पास मोबाइल नंबर पाए गए। युवकों की हिस्ट्री जानने के बाद परिजनों से भी बातचीत की। जिन घरों में किरायेदार रहते हैं, उनसे भी पूछताछ की गई कि उनका रिकार्ड थाने या चौकी में दर्ज है या नहीं। सुबह छह बजे से चली यह कार्रवाई तीन घंटे तक जारी रही। पुलिस ने अभियान के तहत दो सौ से अधिक युवकों से पूछताछ की और पांच सौ से अधिक घरों को पूरी तरह से खंगाला।
शिव कालोनी छावनी में तब्दील रही। हर गली में पुलिस के जवान तैनात थे। सौ से अधिक जवानों ने चप्पे-चप्पे को खंगालते हुए ऑपरेशन क्लीन को कामयाब बनाया। पुलिस की कार्रवाई से एक बार तो कालोनीवासी सहम गए, लेकिन जब उन्हें आपरेशन क्लीन का पता चला, तो उन्होंने राहत की सांस ली। एएसपी हमीद अख्तर का कहना है कि यह अभियान पूरे शहर में चलाया जाएगा। अभियान के तहत संदिग्ध लोगों की पहचान की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि वह पुलिस का सहयोग करें, ताकि जिले को अपराधमुक्त बनाया जा सके।

No comments:

Post a Comment