Tuesday, April 5, 2011

कर्ज न उतारने पर महिला को आग लगा दी

मथुरा
 कर्ज न उतारने पर एक व्यक्ति ने महिला को पहले चारपाई से बांधा और फिर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। परिजन इस महिला को अस्पताल में ले गए। लेकिन पैसे न होने के कारण प्राइवेट अस्पताल ने जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिला अस्पताल में महिला को भर्ती करने से इंकार कर दिया गया। दोबारा सुशीला को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया लेकिन पांच हजार रुपए जमा करने को कहा गया। परिवार वालों के पास पैसे नहीं थे,सो इलाज नहीं शुरू हुआ। उसे स्ट्रेचर पर लिटा दिया गया। सोमवार को सुशीला ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार की रात पूरन सुशीला के यहां पैसे मांगने गया। महिला ने पैसे देने में असमर्थता जताई तो पूरन ठाकुर गाली गलौज करने लगा। फिर पूरन ने हाथ उठाया तो सुशीला ने चप्पलें मारीं। सुशीला की मौसी सास नत्थो ने बताया कि पूरन ठाकुर ने इसके बाद पास में ही पड़ी रस्सी से महिला को चारपाई से बांध दिया। घर में रखी मिट्टी के तेल की कैन उठाकर महिला के ऊपर उड़ेल दी और फिर आग लगा दी। धुआं और चीख पुकार होने पर परिजन पहुंचे। उन्होंने महिला को आग से निकाला।
सूचना मिलने पर आई पुलिस ने सुशीला को उपचार के लिए स्वर्ण जयंती अस्पताल भेज दिया। पैसे न होने के कारण महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में महिला को भर्ती करने से चिकित्सकों ने इंकार कर दिया। परिजन महिला को लेकर फिर स्वर्ण जयंती पहुंच गए। मगर स्वर्ण जयंती में पांच हजार रुपये जमा कराए जाने की मांग की गई। जब रुपयों का इंतजाम नहीं हुआ तो महिला को स्ट्रेचर पर लिटा दिया गया। सोमवार को महिला ने इलाज बगैर तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। एसएसपी भानु भाष्कर ने कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment