Friday, April 8, 2011

मां-बेटी का कत्ल

बरेली
सिविल लाइंस में मां-बेटी का कत्ल कर दिया गया। वारदात के बाद हत्यारे घर पर ताला जड़ गए। गुरुवार को आर्मी स्कूल के कुछ टीचर घर पहुंचे, तब घटना का पता चला। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही आईजी, डीआईजी समेत तमाम आला अफसर मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक हत्या करीब तीन-चार दिन पहले की गई है।
सिविल लाइंस इलाके में मुन्ना चौबे वाली गली के एक मकान में आर्मी स्कूल की टीचर संगीता सरदाना [40] अपनी मां कमला सरदाना [80] के साथ रहती थीं। सोमवार से स्कूल नहीं पहुंचने पर गुरुवार शाम कुछ साथी अध्यापक हालचाल लेने उनके घर आये लेकिन दरवाजे पर ताला लगा था। मकान के अंदर से दुर्गध आ रही थी। अनहोनी की आशंका से अध्यापकों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। संगीता का शव फर्श पर तो उनकी मां कमला का कुर्सी पर पड़ा था। दोनों के शव बुरी तरह से विकृत हो चुके थे। पुलिस का मानना है कि हत्या करीब तीन-चार दिन पहले की गयी है।
वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। हत्यारे कौन थे? हत्या का मकसद लूट था या कुछ और? क्या हत्यारों को मां-बेटी पहचानती थीं? दोनों की हत्या के बाद संपत्ति किसे मिलेगी या किसको लाभ मिल सकता है? पुलिस इन्हीं सब सवालों के जवाब ढूंढने की कोशिश कर रही है।

No comments:

Post a Comment