पटना
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाजसेवी अन्ना हजारे के आंदोलन को व्यक्तिगत तौर पर पूरा समर्थन देते हुए शुक्रवार को कहा कि यह भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता के संकल्प का प्रकटीकरण है।
मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के बाहर मीडियाकर्मियों से नीतीश ने कहा कि भ्रष्टाचार देश का सबसे ज्वलंत और चिंताजनक मुद्दा है। पूरे देश की जनता में भ्रष्टाचार को लेकर विक्षोभ है। नीतीश ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में एक के बाद एक घोटालों के पर्दाफाश के कारण जनमानस बहुत उद्वेलित है। यही कारण है कि अन्ना हजारे के समर्थन में लोग खुलकर सामने आ रहे हैं। यह भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता के संकल्प का प्रकटीकरण है।''
उन्होंने कहा कि लोग अब भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करना चाहते हैं। यही कारण है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जो भी पहल कर रहा लोग दो कदम आगे बढ़कर जनसमर्थन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योगगुरु रामदेव के बाद अन्ना हजारे को भी भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।
जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से तुलना करने के सवाल पर नीतीश ने कहा कि दोनों आंदोलनों की तुलना नहीं हो सकती। हर आंदोलन की अपनी विषयवस्तु और पृष्ठभूमि होती है। हजारे का आंदोलन अपने आप में एक स्वतंत्र आंदोलन है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन समाज और राजनीति दोनों का शुद्धिकरण करेगा।
नीतीश ने कहा कि कानून बनाने के लिए संवैधानिक तंत्र होता है लेकिन जनता का ध्यान सर्वोपरि होता है। देश भर में जन लोकपाल जैसा कानून लागू होना चाहिए। इस पर संसद में खुले रूप से और व्यापक चर्चा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नागरिक समाज ने जो सवाल उठाए हैं केंद्र सरकार को उस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। सरकार इस आलोचना को प्रतिष्ठा का सवाल न बनाए। भ्रष्टाचार के खिलाफ देश एक कड़े कानून की अपेक्षा कर रहा है। लोगों के भरोसे को बहाल करने के लिए एक कड़ा कानून बनाना होगा। इस पर टाल मटोल बिल्कुल नहीं चलेगा।
अन्ना हजारे और अन्य समाजसेवियों के आंदोलन को निष्पक्ष बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग स्वत: उनके समर्थन में उठ खड़े हो रहे हैं।
नीतीश ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों का जनमानस तैयार है अब केंद्र सरकार को फैसला लेना है। केंद्र में दो समानांतर चीजें लोगों को दिख रही है कि कैबिनेट का नेतृत्व प्रधानमंत्री और एनएसी का नेतृत्व सोनिया गांधी के पास है। सत्ता कहां है इसका पता लगाने में लोगों को दिक्कत हो रही है।
No comments:
Post a Comment