रादौर,9मई कुलदीप सैनी
-गांव सांगीपूर में शराब के ठेके को बंद करवाने के लिए गांव के लोगों ने कमर कस ली है। जिसको लेकर गांव की पंचायत व ग्रामीणों ने शराब के ठेके को ताला लगाकर अपना रोष प्रकट किया है। सोमवार को गांव के लोग सरपंच ईश्वरसिंह कश्यप के नेतृत्व में डीसी यमुनानगर अशोक सांगवान व आबकारी अधिकारियों से मिले और गांव में चल रहे शराब के ठेके को हमेशा के लिए बंद करने की मांग की। ग्रामीणों ने इस बारे प्रशासनिक अधिकारियों को शराब के ठेकेदार के विरूद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। गांव सांगीपूर के सरंपच ईश्वरसिंह कश्यप ने बताया कि शराब के ठेकेदारों ने अवैध रूप से गांव में शराब का ठेका खोला हुआ है। शराब के ठेके के कारण गांव का वातावरण खराब हो रहा है। गांव में आपसी भाईचारा खत्म हो रहा है। झगड़े बढ़ रहे है। गांव की महिलाएं व लड़कियां शराब के ठेके के कारण बेहद परेशान है। गांव के लोगों ने शराब के ठेके को बंद करवाने के लिए कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित रूप में शिकायत दी। लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका। जिसको लेकर गांव के लोगों ने 26 अप्रैल व 5 मई को शराब के इस ठेेके पर अपने ताले जड़ दिए है। ठेके पर ताले लगे होने के बावजूद शराब के ठेेकेदार गांव में अवैध रूप से शराब बेचकर गांव में नशाखोरी को बढ़ावा देने का काम कर रहे है। गांव की पंचायत ने ठेके को बंद करवाने के लिए दो बार प्रस्ताव पास कर अधिकारियों को दिए है लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर गांव के लोगों को खुद ही शराब के ठेके को बंद करवाने के लिए कार्रवाई करनी पड़ रही है। गांव के लोगों ने जिला उपायुक्त अशोक सांगवान से गांव सांगीपूर में चल रहे ठेेके को बंद करवाने की मांग की है। ताकि गांव के लोग नशाखोरी से बच सके।
No comments:
Post a Comment