Friday, June 3, 2011

दुकानों के बाहर रखे सामान से हो रही लोगों को परेशानी


इन्द्री विजय काम्बोज
मेन बाजार इन्द्री में दुकानदारों ने अपने सामान से अतिक्रमण करके रास्ते को तंग कर देने से आवाजाही में लोगों को काफी  परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों ने दुकान से चार-चार फु ट आगे सडक़ पर अपना सामान रखा हुआ है। दुकानदारों के इस अतिक्रमण के कारण बाजार से वाहनों को निकालना भी मुश्किल हो गया है। यहां तक कि कई बार तो बाजार में भीड़ और जाम की स्थिति बन जाती है। इस जाम को खुलवाने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ता है। दूसरी ओर अगर कोई व्यक्ति सडक़ पर जगह न होने के कारण अपने वाहन को पांच या दस मिनट के लिए किसी की दुकान के आगे खड़ा कर देता है तो दुकानदार उनसे बुरा व्यवहार करते हैं। गाली गलौच करते हैं। जिस कारण बाजार में लड़ाई झगड़ा होता है और तनाव का माहौल बना रहता है। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत इन्द्री कमेटी के अधिकारियों से की लेकिन प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों के बार बार शिकायत करने पर अधिकारियों ने कई बार दुकानदारों को अपना सामान हटाने की चेतावनी दी। लेकिन उनके कान पर जूं तक नहीं रेंगी। जब इस मामले में इन्द्री थाना प्रभारी ईश्वर सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस मामले में स्थानीय नगरपालिका कारवाई कर सकती है। यदि नगरपालिका के अधिकारी इस अतिक्रमण को हटवाने में हमारी सहायता चाहते हैं तो हम सहायता करने के लिए तैयार हैं। नगरपालिका अध्यक्षा राजदुलारी के पति कमल का दुकानदारों द्वारा किये गये इस अतिक्रमण के बारे में कहना है कि उन्होंने पहले भी इस बारे में मौखिक आदेश जारी किये थे लेकिन दुकानदार नहीं माने। अब मुनादी के द्वारा लोगों को सचेत कर दिया है। यदि दुकानदार नहीं माने तो उनका अतिक्रमण में प्रयुक्त सामान जब्त कर लिया जायेगा।

No comments:

Post a Comment