Monday, July 18, 2011

हरियाणा सरकार ने महिला शिक्षा हेतु विकासपरक योजनायें बनाई हैं:कासनी


करनाल सुरेश अनेजा
सूचना, जन सम्पर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा द्वारा स्थानीय लघु सचिवालय परिसर में आयोजित विकासात्मक प्रदर्शनी का उदघाटन उपायुक्त श्रीमती नीलम पी. कासनी ने आज यहां किया। उनके साथ नगराधीश महेश्वर दत्त शर्मा, उपमंडलाधीश मुकुल कुमार, चंडीगढ़ से आए प्रदर्शनी अधिकारी राजीव भाटिया तथा डी.आई.पी.आर.ओ. हरनाम दास भी उपस्थित थे। लघु सचिवालय में आए ग्रामीण व शहरी युवाओं तथा लोगों की भीड़ प्रदर्शनी स्थल पर उमड़ गई। 
हरियाणा में गत करीब साढ़े छ: वर्षो में विभिन्न क्षेत्रों में हुई अभूतपूर्व प्रगति को जन-जन तक चित्रों के माध्यम से दर्शाने के उददेश्य से सूचना, जन सम्पर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा ने निर्णय लिया है कि प्रदेश के सभी खंडों में विकासात्मक प्रदर्शनी आयोजित की जायेगी। इसी कड़ी में प्रदेश के पलवल जैसे दक्षिण जिलों में उपरोक्त प्रदर्शनी आयोजित करने के बाद आज करनाल में विकासात्मक प्रदर्शनी आयोजित की गई जो अगली 23 जुलाई तक जिला के सभी खंड मुख्यालयों पर आयोजित की जायेगी। 
इस अवसर पर अपने उदगार व्यक्त करते हुए उपायुक्त श्रीमती कासनी ने बताया कि हरियाणा ने विगत कई वर्षो में प्रगति के नये-नये आयाम स्थापित किये हैं। गेहूं उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, प्रति व्यक्ति आय में आज ये प्रदेश देश के अन्य राज्यों की तुलना में नम्बर एक पर है और यह प्रदेशवासियों के लिए बडे गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला उत्थान और शिक्षा विशेषकर गुणवत्ता शिक्षा पर अत्याधिक बल दिया गया है। वह दिन दूर नहीं जब हरियाणा शिक्षा संस्थाओं के मामले में हिन्दुस्तान का सिरमौर प्रदेश होगा। यहां की भूमि अधिग्रहण नीति पूरे देश में अनुपम है और यह सब प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुडडा की नीति व नियत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिस प्रकार लोगों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नि:शुल्क दवाईयां दी जा रही हैं, शिशु व मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए स्वास्थ्य तंत्र को सुदृढ़ बनाया जा रहा है उसे देखकर कहा जा सकता है कि हरियाणा सरकार लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए पूरी तरह से सजग है। 
करनाल जिला सहित प्रदेश में साक्षरता मिशन को बढ़ावा, सभी बच्चों के लिए शिक्षा, उत्पादन बढ़ाने के लिए कृषि व बागवानी पर बल, अनुसूचित व जनजाति के उत्थान के लिए कल्याण योजनाएं, महिला उत्थान, प्रशासनिक कार्यो मे पारदर्शिता तथा जनता की कठिनाईयों का समाधान करने के लिए खुले दरबारों का आयोजन जैसे सरकार के अनेक निर्णयों से प्रदेश तरक्की के रास्ते से लम्बे डग भर रहा है और इसके परिणाम सामने आ रहे हैं। ज्ञात रहे कि विकासात्मक प्रदर्शनी में करीब 25 पैनल बोर्ड पर विविध उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से डिस्पले किया गया है। प्रदर्शनी सांय तक चलेगी और कल 19 जुलाई को असंध के राजकीय सीनियर सेकैण्डरी स्कूल में आयोजित की जायेगी। 
विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों का कहना था कि हुडडा सरकार जनहित को ध्यान में रखकर जिस तरह से कार्य कर रही है। उसे देखकर प्रजातंत्र का सही स्वरूप सामने आ रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि प्रदर्शनी में दर्शायी गई उपलब्धियों को देखकर जनता का सरकार के प्रति विश्वास और अधिक बढ़ेगा। 
प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद उपायुक्त ने प्रदर्शनी स्थल पर रखे रजिस्टर में अपने कमेंटस दर्ज करते हुए लिखा कि सूचना, जन सम्पर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा का यह एक अच्छा प्रयास है। जनता को कल्याणकारी स्कीमों और उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए समय-समय पर इस तरह की प्रदर्शनियां आयोजित होनी चाहिए। 

No comments:

Post a Comment