विजय कम्बोज करनाल
किसानों को उन्नत खेती और कृषि विविधिकरण की जानकारी देने के उददेश्य
से किसान वेलफेयर क्लब करनाल द्वारा स्थानीय पंचायत भवन में एक दिवसीय
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता क्लब के प्रधान
प्रगतिशील किसान ईलम सिंह गोरसी ने की। प्रशिक्षण शिविर में कृषि
वैज्ञानिकों के अतिरिक्त जिले भर से करीब 100 किसानों ने भाग लिया।
पंचायत भवन में किसान क्लब की ओर से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंचासीन कृषि वैज्ञानिक।
किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने किसानों को लगातार
घट रहे भूमिगत जल की चिंता से अवगत कराया और कहा कि अब समय आ गया है जब
किसान पानी की कम मात्रा में खेती को अपनाएं। बागवानी और सब्जियों की काश्त
इसके लिए अति उत्तम चुनाव है। अत: ऐसी खेती पर खर्च कम और मुनाफा ज्यादा
होता है। वैज्ञानिकों ने बताया कि हरियाणा में वर्ष 2011 को जल संरक्षण
वर्ष घोषित किया गया है। अत: इस वर्ष किसानों को जल संरक्षण और इसके कम से
कम दोहन पर ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर ईलम सिंह गोरसी ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि
हर मास पंचायत भवन में किसान क्लब की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
किया जाता है। इन कार्यक्रमों से मार्गदर्शन लेकर जिला के किसानों ने कृषि
क्षेत्र में बदलाव लाते हुए कुल काश्त के अधीन क्षेत्र में 10 प्रतिशत भूमि
पर सब्जियां एवं बागवानी को बनाया है। इसी प्रकार घरौंडा में इंडो इजराईल
सहयोग से स्थापित सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र से प्रदेश के किसान विभिन्न
सब्जियों की पौध लेकर लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान वेलफेयर क्लब
का मुख्य उददेश्य कम खर्चे से अधिक उत्पादन, अच्छी आमदनी, भूमि में कम से
कम रसायनों का प्रयोग तथा भूमि की सेहत को अच्छा बनाए रखने के प्रति
किसानों को जागरूक करना है।
ईलम सिंह ने बताया कि जिला में कुछ किसानों ने भूमिगत जल की स्थिति
को सुधारने के लिए अंडरग्राऊंड वाटर चैंजिंग सिस्टम स्थापित किये हैं।
यहां के किसान दूसरे प्रदेशों में होने वाली खेती की जानकारी हासिल करने के
लिए हर वर्ष भ्रमण पर जाते हैं। गत महीने पहले ही में तरावड़ी के
प्रगतिशील किसान मनोज और विकास की आधुनिक खेती को देखने के लिए नेपाल,
बांग्लादेश, आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से कृषि वैज्ञानिकों ने इनके कृषि
फार्मा का भ्रमण किया। करनाल जिला में गठित किसान क्लब ने 10 वर्ष पूरे कर
लिए हैं और अब तक इसमें 325 सदस्य जुड़ चुके हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसान वेलफेयर क्लब के विजय कपूर,
राजकुमार भार्गव, हरप्रीत सिंह, राय सिंह, कर्म सिंह, डा0 विजय गुप्ता, डा0
योगेन्द्र सिंह, आलोक बिश्वाल, बलराज तनेजा, वाई.पी. मदान, ईश्वर दयाल
मिश्रा सहित अनेक प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment