Thursday, July 14, 2011

महिलाओं के वेश में राहगीरों को लूटने वाले गिरफतार

करनाल,विजय काम्बोज 

महिलाओं के वेश में राहगीरों को अपना शिकार बनाने वाले दो लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़ गये हैं। सदर पुलिस ने इंद्री रोड से लड़कियों के वेश में इन दो युवकों को काबू करके इनके कब्जे से लूट की वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली दो लोहे की राड, सरिया व एक बैटरी भी बरामद की है और अदालत ने आज इन्हें जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बीती रात रम्बा पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि इंद्री रोड पर दो युवक लड़कियों के कपड़े पहनकर वाहन चालकों को लूटने की फिराक में हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और देखा कि एक युवक अपने सिर पर लड़कियों के बालों वाली विग लगा रहा है और दूसरा चुनरी ओढक़र सज-संवर कर खड़ा है। दोनों युवकों ने लड़कियों के कपड़े पहने हुये थे। इतना ही नहीं दोनों युवकों ने बिंदी, लिपिस्टक भी लगाई हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी सलारु गांव के समीप लड़कियों के वेश में खड़े हो जाते थे और ट्रक चालकों को अपने जाल में फंसाने के लिये बैटरी से उन पर लाइट मारते थे, जिस कारण कई ट्रक चालक गाड़ी से नीचे उतर आते थे। इसके बाद ये दोनों ट्रक चालकों को पेड़ की ओट में ले जाते थे और वहां पर रॉड से हमला कर उनसे पैसे छीन लेते थे।


जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी अब तक कई ट्रक चालकों को लूट का शिकार बना चुके हैं। जब पुलिस ने इन दोनों को काबू किया तो इनके कब्जे से 7700 रुपये की नकदी, रॉड, सरिया व बैटरी बरामद हुई। पकड़े गये आरोपियों की पहचान शिव कुमार व राजेश निवासी नगली के रूप में हुई है। राजेश नगली में ही टेलर का काम करता है, जबकि उसका दूसरा साथी शिव कुमार रंदौली गांव में फर्नीचर की दुकान चलाता है। रम्बा पुलिस चौकी के इंचार्ज की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया।

No comments:

Post a Comment