Friday, July 8, 2011

विद्युत आपूर्ति को लेकरअसंध-करनाल मार्ग पर जाम




असंध 8 जुलाई।
                   विद्युत आपूर्ति को लेकर क्षेत्र में विरोध,प्रदर्शनों का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा। गांव पंगाला को चोचड़ा स्थित उपकेन्द्र से जोडऩे का लम्बे समय से चला आ रहा गतिरोध कुछ दिन पूर्व प्रशासन और दोनों गावों की सहमति के बाद कुछ हद तक सुलझा लिया गया था। प्रशासन की देखरेख में लाईन खड़ी कर दी गई थी। इसके बाद दूसरी समस्या शुरू हो गई विद्युत विभाग द्वारा केबल न होने की बात से पंगाला गांव के लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। शुक्रवार को सैकड़ों महिला पुरूष 132 केवी विद्युत उपकेन्द्र के सामने एकत्रित हुये। उपकेन्द्र के सामने असंध-करनाल मार्ग पर जाम लगा दिया। लोग प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। लोग सडक़ पर लेट गये और असंध-करनाल मार्ग पर जाम लगा दिया।


असन्ध में 132 केवी सबस्टेशन के बाहर असन्ध-करनाल मार्ग पर जाम लगाते व प्रदर्शन करते गांव पंगाला के लोग।
 रोशनालाल,लखमी,शुकुन्तला,चन्द्रभान,भीमा,जसवन्त,ओमप्रकाश,दर्शना,विमला,लक्ष्मी,सुमन सहित सैकड़ों लोगों ने बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व पंगाला गांव को चोचड़ा स्थित उपकेन्द्र के साथ जोडऩे की कवायद शुरू की गई थी। चोचड़ा के ग्रामीणों के भारी विरोध के चलते काम रोक दिया गया था। हालांकि करीब पंद्रह दिन पूर्व,पुलिस प्रशासन,बिजली बोर्ड के प्रतिनिधियों व दोनों गावों के मौजिज व्यक्तियों की पहल पर गतिरोध समाप्त हो गया था। स्थिति यह है कि खम्बे खड़े कर दिये गये हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब वे विद्युत विभाग में लाईन चालू करने की गुहार लेकर जाते हंै तो उन्हें यह कहकर टरका दिया जाता है कि फिलहाल केबल नहीं आयी है। उधर विद्युत आपूर्ति न होने से खेती व विद्युत आधारित अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लिहाजा गांववालों को धरना प्रदर्शन व जाम की कारवाई अमल में लानी पड़ी। करीब एक घण्टे तक चले रोड़ जाम के बाद ग्रामीण विद्युत उपकेन्द्र में जा डटे। वहां पहुंच ग्रामीण फिर से नारेबाजी करने लगे। इस बीच डीएसपी मदनलाल,एसएचओ सुभाष चन्द,तहसीदार जगदीश चन्द व विद्युत विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण काम शुरू होने तक प्रदर्शन की जिद पर अड़ गये। बाद में तीन व्यक्तियों का शिष्टमण्डल प्रशासन के साथ साइट पर रवाना किया गया। जब शिष्टमण्डल सदस्यों ने लौटकर लोगों को काम शुरू होने की तसल्ली दी तभी प्रदर्शनकारी वहां से हटने पर राजी हुये और प्रशासन ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि इस समय लाईन पर काम शुरू हो गया है।
*****************************************
गुरू पूर्णिमा पर्व पर  विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन
असंध 8 जुलाई।
               अखिल भारतीय धर्मसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी भगवान देव परमहंस के शिष्य गुरू पूर्णिमा पर्व पर 10 जुलाई रविवार को असंध  में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। धर्मसभा की स्थानीय इकाई के प्रवक्ता सतीश मदान व अशोक शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि करनाल पानीपत असंध के शिष्य इस बार व्यास पूजा नगर वार्ड 5 स्थित गुरू आश्रम में करेंगे इस अवसर पर हवन यज्ञ का आयोजन भी किया जायेगा।

 ************************
सैकड़ों बाशिन्दे पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं|
असंध 8 जुलाई
                   पुराना गुरूद्वारा के समीप वार्ड क्रमांक दस के सैकड़ों बाशिन्दे पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। वार्डवासी मंगलसिंह,बलदेव,विक्रम सिंह,चेतन,हरदेवराम,सिंधर कौर कोमल,सिमरत,हंस कौर,सुखदेव कौर आदि ने बताया कि उनके यहां पेयजल की आपूर्ति बेहद कम है। शेष दिनचर्या की तो बात छोड़ो पानी की आपूर्ति इतनी ही होती है कि उसमें पीने के लिये ही पानी बामुश्किल उपलब्ध हो पाता है। चन्द मिनट बाद आपूर्ति बन्द हो जाती है। लोगों को पानी अन्य स्त्रोतों से ढोकर लाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मी बदतमीजी से पेश आते हैं। ऐसे में वे जायें तो कहां जायें। वार्डवासियों ने बताया कि उनकी समस्या हल नही हुई तो प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन के लिये बाध्य होगें। 


No comments:

Post a Comment