Saturday, July 16, 2011

मुनक में पड़ी वन विभाग की जमीन से छुड़वाया कब्जा

घरौंडा प्रवीन सोनी
    जिला वन विभाग द्वारा गांव मुनक व इसके आस पास के क्षेत्र में सडक़ के किनारे किए गए कब्जे को हटवा दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हडक़ंप मच गया है। विभाग द्वारा हटाए गए इस कब्जे पर पौधे लगाए जाने का कार्य किया जाएगा।
    शुक्रवार को जिला वन विभाग अधिकारी नवदीप हुड्डा, खंड वन विभाग अधिकारी सतीश भारद्वाज कर्मचारियों व पुलिस बल को साथ लेकर मुनक व इसके आस पास साथ लगते क्षेत्र में पहुंचे और वहां जाकर वन विभाग की जमीन पर जिन लोगों ने अवैध कब्जा किया हुआ था उसको मशीन से हटवा दिया। अचानक विभाग की इस कार्रवाई को देख अवैध कब्जाधारियों में भगदड़ मच गई। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई में वन विभाग ने कई किलोमीटर के रास्ते को साफ कर दिया। मौके पर जिला वन विभाग अधिकारी नवदीप हुड्डा ने बताया कि गांव मुनक व पुरानी मुनक के समीप वन विभाग की खाली पड़ी जमीन के करीब 100 फुट रास्ते पर पिछले कई वर्षो से गांव के कुछ जमीदारों व प्रभावशाली व्यक्तियों ने कब्जा किया हुआ था। जिसकी शिकायत उन्हे कई बार मिली थी। विभाग ने आज पुलिस बल की सहायता से मौकेपर पहुंच कर वन विभाग की जमीन से कब्जा हटवा दिया।    
    उन्होने बताया कि अब इस जमीन पर करीब 5000 पौधे लगाए जाऐंगे। विभाग की इस कार्रवाई को देख कब्जाधारियों ने हल्का फुलका विरोध भी किया लेकिन पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में उनकी एक न चली।
    इस मौके पर मुनक इंचार्ज देवेंद्र सिंह व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

फोटो केप्शन-गांव मुनक में अवैध कब्जा छुड़वानें पहुंची वन विभाग की टीम
छाया-तेजबीर

No comments:

Post a Comment