Tuesday, July 5, 2011

भारतीय किसान यूनियन 18 अक्टूबर को फिर से दिल्ली का घेराव करेगी

कुरुक्षेत्र, प्रदीप  आर्य  
भारतीय किसान यूनियन ने 18 अक्टूबर को फिर से दिल्ली का घेराव करने का निर्णय किया है। इससे पहले 21 जुलाई को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा और प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
मंगलवार को रोड़ धर्मशाला में आयोजित भाकियू की प्रदेश कार्यकारिणी में इस पर मंथन किया गया। बैठक में भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह चढूनी ने बताया कि 8 मार्च को प्रधामंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से भाकियू के शिष्टमंडल की बैठक हुई थी। इसमें प्रधानमंत्री ने शिष्टमंडल की मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था, किंतु इस पर आगे बिल्कुल अमल नहीं किया गया। इसमें कृषि भूमि का अधिग्रहण करने सहित कई मुद्दे शामिल थे। चढूनी ने कहा कि एक अगस्त से दो दिवसीय शिविर कुरुक्षेत्र की धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश भर से पदाधिकारी व ब्लाक अध्यक्ष भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि जिला संगठनों में फेर बदल किया जाएगा। गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने भूमि अधिग्रहण से संबंधित जो नई पॉलिसी बनाई है, भाकियू उससे भी सहमत नहीं है। बैठक में अंबाला के प्रधान बाबू राम गुंदयाना, प्रदेश उप प्रधान चमेल सिंह खेड़ी रामनगर, जिला प्रधान मेहर सिंह, महासचिव कर्म सिंह मथान, सोनीपत जिला प्रधान रणबीर चौहान, पानीपत जिला प्रधान साहब सिंह, रोहतक प्रधान जयवीर, अतर सिंह, सुखबीर सिंह जींद, सुरेंद्र सिंह अंबाला, सुरजीत सिंह, करनाल से बलदेव सिंह, कैथल के भूरा राम, उधम सिंह, मंगल सिंह खरेटा, महिंद्र सिंह गोदारा, रूपचंद कठारिया, सुभाष पंवार, संजू यमुनानगर प्रमुख तौर पर उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment