करनाल,विजय काम्बोज
सोमवार देर रात यहां दसवीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। यह गोली उसके पिता की लाइसेंसी राइफल से चली हुई है। आशंका जताई जा रही है कि इस किशोर युवक ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली। खून से लथपथ किशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर आठ की कोठी नंबर 653 में हुई इस घटना के समय 14 वर्षीय करण कपूर के पिता ज्वेलर सोनू कपूर अपनी पत्नी के साथ शहर के पांच सितारा होटल में पारिवारिक समारोह में शिरकत करने गए थे। जब वे दोनों वापिस लौटे तो उन्होंने अपने पुत्र करन को कमरे में खून से लथपथ पड़ा पाया। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत अन्य परिजनों को दी। परिजन करण को उठाकर एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को रात साढ़े ग्यारह बजे अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अभी तक इस घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस घटना से होटल में चल रहे पारिवारिक समारोह में मातम छा गया।
No comments:
Post a Comment