Tuesday, May 3, 2011

नालियों में कराया छिड़काव

रादौर,कुलदीप सैनी 
चमरोडी गांव में साक्षर महिला समूह की ओर से गाव में बीमारियों की रोकथाम के लिए नालियों मे दवाई का  छिड़काव कराया गया, ताकि गाव में मक्खी मच्छर अधिक संख्या में न फैल सके। साक्षर महिला समूह प्रधान बिंदु कांबोज ने बताया कि गाँव  की नालियों के गंदे पानी में मक्खी और मच्छरों की भरमार रहती है। जो मलेरिया जैसी कई भयंकर बीमारियों को न्योता दे रहे है। साक्षर महिला समूह की महिलाओं ने ग्रामीणों को बीमारियों से बचाने के लिए यह निर्णय लिया है, जिसके तहत गाव की नालियों में दवाई का छिड़काव कराया गया। प्रधान बिंदु कांबोज ने ग्रामीणों से अपील की कि गाव की गलियों में गंदगी जमा न होने दे। अपने आस पास की साफ सफाई पर विशेष ध्यान दे। जहा पर गंदे पानी का जमावड़ा हो उसके लिए तुरत निकासी की व्यवस्था कराई जाए। गंदगी के ढेर भी कई बीमारियों को न्योता देते है। उनके लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाए। तभी हम अपने और अपने परिवार की बिमारियों से रक्षा कर सकते है। इस अवसर पर नीलम, सुषमा, सरला, कृष्णा, उषा, मीना, रोमा, रीतू विशेष रूप से उपस्थित थी। 

भूमि विवाद में पांच घायल


रादौर
पोटली गांव में तीन मरले भूमि को लेकर हुए विवाद में एक महिला सहित पाच व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हे घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलाहर में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना जठलाना पुलिस को दे दी गई है।
पोटली गांव निवासी हजारी लाल और रामस्वरूप के बीच पिछले काफी समय से तीन मरले भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा था, जिसको लेकर मंगलवार को हजारीलाल ने अपने कुछ हथियार बंद साथियों के साथ रामस्वरूप पर लाठियों और डंडों से हमला कर दिया। हमले में रामस्वरूप, नानकचंद, चुन्नीलाल, सुनीता देवी और शक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गाव के लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। भूमि विवाद को लेकर हुए झगड़े के कारण दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। 

दुर्घटना में एक घायल


रादौर : 
सहारनपुर-कुरूक्षेत्र मार्ग पर काजनू गांव के पास एक कार और मोटरसाइकिल की आपसी भिड़ंत में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। रादौर पुलिस ने घायल व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के विरूद्ध धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
काजनू गांव निवासी रोशनदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती रात जब वह मेन रोड से अपनी मोटरसाइकिल पर गाव जा रहा था तो तभी टाटा भट्ठा काजनू के पास एक अज्ञात कार चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल रोशनदीप की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


No comments:

Post a Comment