यमुनानगर, (कुलदीप सैनी)
दहेज में कीमती सामान की मांग पुरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके आरोपी पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
न्यू हमीदा कालोनी निवासी किरण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 11 दिसंबर 2009 कैंप निवासी राजीव के साथ हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने काफी दान दहेज देकर उसे विदा किया था। मगर शादी में दिए गए दहेज से उसके ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अधिक दहेज की मांग करने लगे। जिसे देने में उसके मायके वाले असमर्थ थे। आरोप है कि अधिक दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जबदस्ती गर्भपात करवा दिया। परेशान होकर उसने आरोपी पति राजीव व सास शामा देवी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने किरण की शिकायत पर आरोपी पति व सास के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ का मामला दर्ज कर लिया।
ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत
यमुनानगर,(कुलदीप सैनी)
ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
गांव सारन निवासी सुरेंद्र कुमार ने छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका परिचित अशोक कुमार देर शाम साइकिल पर सारन बस स्टैंड की तरफ से वापिस गांव जा रहा था। जब वह सडक़ पार करने लगा तो सामने से आ रहे ट्रक ने उसको अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद जब उसे अस्पताल में ले जाने लगे तो उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौका पाकर आरोपी चालक ट्रक के साथ फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
सामुदयिक केंद्र लोगों के सुख दुख में काम आते हैं:महेंद्र कुमार
यमुनानगर,(कुलदीप सैनी)
अम्बाला मंडल के आयुक्त महेन्द्र कुमार ने गांव भगवानपुर में शिवालिक विकास प्राधिकरण योजना के तहत पंचायती राज विभाग द्वारा 51 लाख 79 हजार रूपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन का उदघाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। उन्होंने सामुदायिक भवन के प्रांगण में अपने कर कमलों से पौधारोपण भी किया। उनके साथ-साथ जिला उपायुक्त अशोक सांगवान, अतिरिक्त उपायुक्त, उपमंडलाधीश देवेन्द्र कौशिक, आयुक्त की धर्मपत्नी शशि कालिया, गांव की सरपंच उषा रानी ने भी पौधारोपण किया । इस नवनिर्मित सामुदायिक भवन में आयोजित उदघाटन समारोह में बोलते हुए अम्बाला मंडल के आयुक्त महेन्द्र कुमार ने कहा कि इस भवन का कवरड एरिया 5 हजार वर्ग फुट है जिसमें एक बडे हाल,किचन,शौचालय तथा दो बडे कमरे हैं। जिसका निर्माण एक वर्ष की अवधि में पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे सामुदायिक केन्द्रों की नितांत आवश्यकता है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शादी-विवाह व धार्मिक उत्सवों के अवसर पर शहर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। ऐसे भवन दुख की घडी में भी काम आ सकते हैं जिसमें लोग एक छत के नीचे बैठकर दुख सांझा कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि यमुनानगर जिला के लोगों का सौभाग्य है कि उन्हें साफ-सुथरा वातावरण मिला है क्योंकि इस जिला में बहुत अधिक हरियाली है। यहां के लोग खुशहाल, शांत-स्वाभावी व आपस में मेलजोल के साथ रहते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए परियोजना बनाकर शिवालिक विकास प्राधिकरण को भेजेगें उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां के अधिकारी व कर्मचारी पूरी लगन, ईमानदारी व मेहनत से जिला के विकास में लगे हुए है।
जिला उपायुक्त अशोक सांगवान ने कहा कि अम्बाला मंडल के आयुक्त महेन्द्र कुमार के विशेष प्रयासों से गांव भगवानपुर में भव्य सामुदायिक भवन बनाया गया है। ऐसे ही सामुदायिक भवन भविष्य में अन्य गांवों में भी बनाए जाएगें। उन्होंने गांववासियों से आग्रह किया कि नवनिर्मित सामुदायिक भवन का सदुपयोग करें और इसमें सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखे।
अतिरिक्त उपायुक्त गीता भारती ने सामुदायिक भवन के उदघाटन समारोह में पहुंचे अम्बाला मंडल के आयुक्त, आयुक्त की धर्मपत्नी शशि कालिया व समारोह में उपस्थित क्षेत्रवासियों व प्रशासन के अधिकारियों का धन्यवाद किया। गांव की सरपंच श्रीमती उषा रानी ने समारोह में पधारे महानुभवों का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि गांव भगवानपुर में सरपंच सहित पंचायत की सभी महिला सदस्या हैं।
इस अवसर पर उपमंडलाधीश देवेन्द्र कौशिक, जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी हजारी लाल वर्मा, नायब तहसील सुरेश कुमार, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता अमृत लाल काम्बोज, छछरौली के विकास खंड एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र कुमार, वन विभाग के रेंज अधिकारी रोहताश कुमार, गांव की नम्बरदारनी सुनीता देवी, पूर्व सरपंच ईश्वर चन्द, संजय काम्बोज, कमल काम्बोज, विमल कुमार, सरिता, अनीता, मंजीत कौर, सुरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व प्रशासन के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
खनन बंद होने से प्रभावित हुआ आम जनजीवन
रादौर,(कुलदीप सैनी)
प्रदेश में खनन बंद होने से जहां लाखों लोगों की रोजी रोटी प्रभावित हुई है वहीं रेत बजरी की कीमतें भी पांच गुना अधिक हो गई है। यह शब्द विधायक दिलबाग सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कहे। उन्होंने कहा कि खनन पर प्रतिबंध न्यायालय के आदेश से है लेकिन यही प्रदेश सरकार चाहती तो न्यायालय द्वारा मांगे गए उपयुक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद यह प्रतिबंध हटवाया जा सकता था। पंजाब उत्तराखंड व हिमाचल से आने वाले कच्चे माल पर भी प्रदेश सरकार द्वारा लगाया गया प्रतिबंध भी कुशल निर्णय नही है, क्योंकि खनन पर प्रतिबंध लगाने से जो बजरी का ट्राला मात्र 8 हजार रुपये में मिलाता था वह अब 40 हजार रुपये से भी अधिक का है।
इसी प्रकार 3 हजार रुपये में मिलने वाला रेत अब 12 हजार रुपये में मिल रहा है। ऐसी परिस्थितियों में प्रदेश के विकास कार्य ठप हो गए हैं। जिससे जिले में कोई भी ठेकेदार टेंडर लेने से गुरेज कर रहा है। उच्च अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को गुमराह किया जा रहा है कि यदि बाहर से कच्चा माल आएगा तो सरकार को इससे प्राप्त होने वाला राजस्व कम होगा। 100-200 करोड़ के राजस्व के चक्कर में प्रदेश की 20 लाख जनता प्रभावित हुई है तथा इस काम धंधे से जूड़े लोग भूखे मरने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने विवेक से काम लेना चाहिए ओर प्रदेश की जनता के हित के लिए खनन प्रतिबंध हटवाना चाहिए। इस अवसर पर सुरेश शर्मा, हैप्पी शर्मा, राजेन्द्र गुलाटी, गुरप्रीत चावला व सुनील चावला आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
मंदिर गुरूद्वारों से पहले खुल जाते हैं शराब के ठेके
रादौर,(कुलदीप सैनी
एक ओर जहां हरियाणा व केन्द्र सरकार नशा मुक्ति पर पैसा खर्च कर रही है। वही दूसरी ओर प्रशासन की लापरवाही के चलते नशे की लत को बढ़ावा मिल रहा है। रादौर क्षेत्र में स्थित शराब के ठेके मन्दिर-गुरूद्वारो से पहले खुल जाते है। जबकि हरियाणा आबकारी अधिनियम अनुसार ठेके खुलने व बंद होने का समय सुबह 9 बजे से रात्रि 11 बजे तक का है। प्रशासन की लापवाही के चलते रादौर क्षेत्र के ठेके सुबह 6 बजे ही खुल जाते है। जोकि आबकारी अधिनियम के विरूध है। इसे ठेकेदारों की मनमानी कहे या फिर प्रशासन की लापरवाही जिसका खामियाजा क्षेत्र की जनता को उठाना पड़ता है। सुबह-सुबह ठेको पर शराब पीकर असामाजिक तत्त्व पूरा दिन बाजारों व सडक़ों में हुडदंग मचाते है। क्षेत्र के लोगों ने जिला उपायुक्त से मांग की है कि शराब के ठेकेदारों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
स्थानीय निवासी विक्रम, सुमित, संजीव, संदीप, सुखदेव, साहब सिंह, गुलशन इत्यादि का कहना है कि रादौर क्षेत्र के लगभग हर गांव में शराब को ठेका खोल दिया गया है। जिन गांवों में ठेके अलॉट नहीं हुए थे।उन गांवों में ठेकेदारों ने अपने सब ठेके खोल दिए है। जिसका शराब पीने के माहिरों को तो फायदा मिला है लेकिन गांव का वातावरण अन्य ग्रामीणों के अनुकूल नहीं रहा है। कुछ पीयक्कड़ सुबह के समय ही ठेकों से शराब लेकर पी लेते है और उसके बाद सारा दिन शराब पीकर हुडदंग मचाते है। ऐसे शराबी सडक़ों व धार्मिक स्थलों के पास भी खुल कर हुडदंगबाजी करते नजर आते है। जिससे मंदिरों में जाने वालें लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सुबह के समय सैर करने वाले लोगों को भी इस तरह की परेशानियों का सामना अक्सर करना पड़ता है। लेकिन प्रशासन की ओर से इस ओर कभी कोई ध्यान नहीं दिया जाता। जिसका खामियाजा लोगों को उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त से मांग की है कि नियमों का पालन न करने वाले ऐसे ठेेकेदारों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
छापामारी के तहत दुकानदारों से 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
रादौर,(कुलदीप सैनी)
गांव जठलाना में खाद्य आपूर्ति विभाग टीम द्वारा की गई छापामारी में 5 घरेलू गैस सिलेंडर को जब्त किया। दुकानदार घरेलू गैस सिलेंडरों का कमर्शियल की जगह प्रयोग कर रहे थे। विभाग से सिलेंडरों को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। एएफएसओं सुनील शर्मा व इंस्पैक्टर रोशनलाल सैनी ने बताया कि विभाग को पिछले काफी समय घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरूपयोग होने की शिकायतें मिल रही थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने जठलाना क्षेत्र की हलवाई ढाबों व चाय की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान विभाग ने पांच सिलेंडरों का दुकानों पर कमर्शियल प्रयोग होते पाया। जिस पर विभाग ने तुरंत सिलेंडरों को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अवसर पर निरीक्षक रोशनलाल सैनी ने बताया कि विभाग ऐसे दुकानदारों को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा जो कमर्शियल गैस की जगह घरेलू गैस का प्रयोग कर रहे है। ऐसे दुकानदारों पर तुरंत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को कड़े निर्देश दिए कि अगर भविष्य में कोई भी दुकानदार ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई करेगा।
ऑल हरियाणा कॉर्पोरेशन वर्कर यूनियन की सब यूनिट रादौर का गठन
रादौर,(कुलदीप सैनी)
रादौर में ऑल हरियाणा कॉर्पोरेशन वर्कर यूनियन की सब यूनिट रादौर का गठन किया गया। इस अवसर पर सब यूनिट व डेलीवेजिज यूनियन का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। चुनाव के अवसर पर यूनिट प्रधान सोबनङ्क्षसह व सचिव पाला राम सैनी विशेष रूप से उपस्थित थे। चुनाव के बाद यूनिट की ओर से नंदलाल सैनी को सब यूनिट प्रधान व महिन्द्रपाल को उपप्रधान चुना गया। वहीं जयसिंह को सहसचिव, रणबीरङ्क्षसह कोषाध्यक्ष, चन्द्रभान को सचिव व राजकुमार संगठन सचिव बनाया गया।
वहीं डेलीवेजिज वर्कर यूनियन में नवीन कुमार को प्रधान, दीपक कुमार कोषाध्यक्ष, राजेश कुमार सचिव बनाया गया। उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए यूनिट प्रधान सोबन सिंह ने कहा कि सरकार की अनदेखी के चलते विभाग के कर्मचारियेां को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। विभाग नये कर्मचारियों की भर्ती नहीं कर रहा है। जिससे कर्मचारियों को अतिरिक्त काम का बोझ वहन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यूनियन के कर्मचारी अपनी एकता का परिचय देते हुए कर्मचारियों की मांगों को जल्द से जल्द हल करवाने की कोशिश करेगें। यूनिट की ओर से सरकार से मांग की जाएगी कि कर्मचारियों की समस्याओं की ओर ध्यान दिया जाए। ताकि उनकी समस्याओं का हल हो सके।
समाधि और मंदिर विवाद को लेकर सरपंच मिले जिला उपायुक्त से
रादौर,(कुलदीप सैनी)
गांव नागल में प्रशासन द्वारा स्कूल परिसर में बनी बाबा सेवादास की समाधि व मंदिर विवाद को लेकर गांव नागल के लगभग 50 ग्रामीण सरपंच अनुरोध राणा के नेतृत्व में जिला उपायुक्त अशोक सांगवान से मिले। प्रशासन व ग्रामीणों की बैठक के बाद जिला उपायुक्त ने एसडीएम को मौके पर भेजकर स्थिति का आंकलन करने के आदेश दिए है। जिसके बाद एक दो दिन में एसडीएम के दौरे के बाद प्रशासन आगामी कार्रवाई करेगा। उधर बुधवार को प्रशासन की ओर से गांव में मंदिर तोड़े जाने की आशंकाओं के चलते गांव के सैंकड़ो लोग दिनभर मंदिर परिसर में जमा रहे। वहीं पुलिस बल भी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मौके पर प्रशासन की ओर से तैनात किया गया था। पिछले कई दिनों से चले आ रहे मंदिर विवाद को लेकर गांव के लोग एकजुट हो गए है। जिससे प्रशासन को गांव में कोई भी कार्रवाई करने में नाको चने चबाने पड़ सकते है। जिसको लेकर प्रशासन के अधिकारी फूंक फूंक कर कदम रख रहे है।
गांव नागल के सरपंच अनुरोध राणा ने बताया कि प्रशासन की ओर से मंदिर विवाद को लेकर गांव के लोगों को सचिवालय में बुलाया गया था। बैठक में गांव की ओर से पूर्व सरंपच राजेश राणा, कर्णसिंह, देवेन्द्र, धर्मबीर, पवन, सुरेन्द्र, पप्पु, सतपाल, ओमप्रकाश, नरेन्द्र चौहान आदि ने भाग लिया। ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त के समक्ष मंदिर को न तोड़े जाने की अपील की। जिस पर उपायुक्त ने स्कूलों में बने मंदिरों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार तोड़े जाने की बात कही। लेकिन ग्रामीणों ने प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष मंदिर व स्कूल का रास्ता अलग होने की बात कही। वहीं मंदिर स्कूल परिसर में न होकर स्कूल से अलग होने की दुहाई दी। जिस पर जिला उपायुक्त ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से एसडीएम को मौके पर भेजकर निरीक्षण करवाया जाएगा। उधर गांव के लोग किसी भी कीमत पर मंदिर से अपना अधिकार छोडऩे को तैयार नहीं है। ग्रामीणों की बाबा सेवादास व मंदिर में विशेष श्रद्धा है। ग्रामीण पुश्तों से समाध व मंदिर की पूजा अर्चना करते आ रहे है। ग्रामीणों ने मंदिर विवाद को अपने सम्मान का हिस्सा बना लिया है। ऐसे में आने वाले समय में मंदिर विवाद प्रशासन के लिए मुसीबतें खड़ी करने जा रहा है। मंदिर विवाद को लेकर राजनितिक पार्टियों ने भी सरकार व प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया है।



No comments:
Post a Comment